टॉम हॉलैंड के स्पाइडर-मैन टैटू ने बढ़ाई फिल्म की मुश्किल, वीएफएक्स टीम को करनी पड़ी डिजिटल एडिटिंग

लॉस एंजिल्स, 21 जून (आईएएनएस)। हॉलीवुड अभिनेता टॉम हॉलैंड की आने वाली फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ के सेट पर एक अनोखी परेशानी सामने आई। यह परेशानी उनके एक टैटू की वजह से हुई, जिसे उन्होंने स्पाइडर-मैन किरदार से जुड़ाव के तौर पर बनवाया था। यह टैटू फिल्म के एक सीन में गलती से दिख गया, जिससे टीम को बाद में इसे ठीक करना पड़ा।
रिपोर्ट के अनुसार, टॉम हॉलैंड के पैर के निचले हिस्से पर एक स्पाइडर-मैन का टैटू बना हुआ है। यह टैटू उन्होंने अपनी पहली ‘स्पाइडर-मैन’ फिल्म के समय बनवाया था। परेशानी तब हुई जब फिल्म के एक सीन में वह अपने किरदार स्पाइडर-मैन के रूप में एक बिल्डिंग से उल्टा लटके हुए दिखाई देते हैं। यह सीन बिना कपड़ों के फिल्माया गया था और इसी वजह से उनके पैर का टैटू कैमरे में साफ दिख गया, जिसे बाद में डिजिटल तकनीक से हटाया गया।
टॉम हॉलैंड ने एक फैन इवेंट में इस पूरी घटना को मजेदार अंदाज में बताया। उन्होंने कहा, “मेरे पैर के नीचे एक स्पाइडर-मैन का टैटू है। बड़ा होने की वजह से यह टैटू एक सीन में दिख गया। इस सीन में मैं बिना कपड़ों के बिल्डिंग से लटका हुआ हूँ। यह शूट करना खुद में काफी अजीब था। उस समय सब कुछ सामान्य लग रहा था और टीम को लग रहा था कि सीन पूरी तरह सही तरीके से शूट हो गया है। लेकिन बाद में जब विजुअल इफेक्ट्स की टीम ने पूरा फुटेज देखा, तो उन्हें पता चला कि मेरे पैर का टैटू साफ-साफ दिखाई दे रहा है। इसके बाद टीम को इसे कंप्यूटर की मदद से हटाना पड़ा, ताकि फिल्म में कोई गलती न रह जाए।”
रिपोर्ट के अनुसार, ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ की कहानी ‘स्पाइडर-मैन: नो वे होम’ के बाद की घटनाओं पर आधारित है। इस कहानी में दुनिया स्पाइडर-मैन को भूल चुकी है और वह एक नए संघर्ष के साथ आगे बढ़ता है। इस फिल्म में टॉम हॉलैंड के साथ उनकी पत्नी जेंडाया भी नजर आएंगी, जो पहले भी स्पाइडर-मैन फिल्मों का हिस्सा रह चुकी हैं।
–आईएएनएस
पीके/पीएम