'यह जीत दूसरों को भी प्रेरित करेगी', एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप जीत पर पीएम मोदी ने भारतीय टीम को सराहा


नई दिल्ली, 21 जून (आईएएनएस)। भारत ने रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ 2-0 से जीत दर्ज करते हुए एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप 2025-26 का खिताब अपने नाम किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय टीम को बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि यह जीत दूसरों को भी हॉकी खेलने के लिए प्रेरित करेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “भारतीय हॉकी खिलाड़ियों ने देश का मान बढ़ाया और खुशियां दीं। एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप जीतने पर महिला टीम को बधाई। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया। टीम को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। उम्मीद है कि यह जीत दूसरों को भी हॉकी खेलने के लिए प्रेरित करेगी।”

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘एक्स’ पर लिखा, “एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप 2025-26 जीतकर हमारे देश की महिला हॉकी टीम ने राष्ट्र को गौरवान्वित किया है। यह सफलता देश की करोड़ों बेटियों के लिए प्रेरणा है। सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएं।”

हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने लिखा, “भारतीय हॉकी के गढ़, ओडिशा से हम इस जीत का जश्न बेहद गर्व और खुशी के साथ मना रहे हैं। बधाई हो, टीम इंडिया। यह सफर जारी रहेगा, और हमारा अटूट समर्थन भी।”

हॉकी इंडिया ने बधाई देते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “एक खिताब जीता। एक सपना सच हुआ। ऑकलैंड में पहली सीटी बजने से लेकर ट्रॉफी उठाने तक, टीम इंडिया का सफर यादगार और अजेय रहा। एफआईएच हॉकी महिला नेशंस कप का खिताब हमारा है, और साथ ही एफआईएच हॉकी प्रो लीग में जगह भी पक्की हो गई है। ऐतिहासिक फाइनल के बेहतरीन पलों को फिर से जिएं।”

न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले के चौथे मिनट में नवनीत कौर ने भारत के लिए पहला गोल किया, जिसके बाद सुनीलिता टोप्पो (15वें मिनट) ने दूसरा गोल दागा। इसके साथ ही अगले सीजन के एफआईएच हॉकी महिला प्रो लीग में अपनी जगह भी पक्की कर ली। यह भारत की दूसरी नेशंस कप जीत है। इससे पहले साल 2022 में भारत ने इस खिताब पर अपना कब्जा जमाया था।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button