सीएम योगी ने गर्मी को देखते हुए गोशाला के कार्यकर्ताओं को गोवंश के समुचित देखभाल के निर्देश दिए

गोरखपुर, 17 मई (आईएएनएस)। गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान रविवार सुबह जनता दर्शन के माध्यम से जनसेवा करने के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंदिर की गोशाला में जाकर गोसेवा में भी रमे रहे। उन्होंने गोवंश को खूब दुलारा और उन्हें गुड़ खिलाया। गर्मी को देखते हुए गोशाला के कार्यकर्ताओं को गोवंश के समुचित देखभाल के निर्देश दिए।
गोरखनाथ मंदिर प्रवास पर रविवार प्रातः काल सीएम योगी की दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर जाकर शीश झुकाकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए गोशाला में पहुंचे और वहां गोवंश को गुड़ खिलाकर गोसेवा की।
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अफसरों को निर्देशित किया कि वे पूरी तत्परता और संवेदनशीलता से यह सुनिश्चित करें कि बिना भेदभाव सबको न्याय मिले। हर पात्र को जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले, जरूरतमंदों के समुचित इलाज की व्यवस्था हो, जमीन कब्जाने वाले भू माफिया व दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो।
सीएम योगी आदित्यनाथ कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट भी किया, जिसमें लिखा, “लोकतांत्रिक मूल्यों एवं कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की संवेदनशील सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण हेतु प्रतिबद्ध है। सुशासन के इसी मानबिंदु को स्थापित करते मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। सीएम ने जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।”
–आईएएनएस
एएस/