कैच छोड़ना हमें भारी पड़ा, एलन ने शानदार बल्लेबाजी की: पार्थिव पटेल


कोलकाता, 17 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 60वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (जीटी) को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ 29 रनों से हार का सामना करना पड़ा। जीटी के सहायक कोच पार्थिक पटेल ने माना कि केकेआर के खिलाफ कैच छोड़ना टीम को काफी महंगा पड़ा।

केकेआर के खिलाफ मिली हार के साथ ही गुजरात टाइटंस का लगातार पांच मुकाबलों की जीत का सिलसिला भी थम गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए पार्थिव ने खराब फील्डिंग को टीम की हार का मुख्य कारण बताया। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि कैचिंग ने बहुत बड़ा अंतर पैदा किया। जब आप मजबूत बल्लेबाजी क्रम के खिलाफ हाई-स्कोरिंग मैच खेल रहे होते हैं, तो आपको ज्यादा मौके नहीं मिलते। जब आपको वह मौका मिलता है, तो आपको यह पक्का करना होता है कि आप गेंदों को पकड़ें। मुझे लगा कि यही सबसे बड़ा अंतर रहा।”

जीटी ने केकेआर के खिलाफ तीन अहम मौके गंवाए। फिन एलन का कैच मोहम्मद सिराज ने लॉन्ग-ऑन पर तब छोड़ा जब वह 33 रन पर थे। इस धमाकेदार ओपनर ने इसका पूरा फायदा उठाया और सिर्फ 35 गेंदों पर 93 रन बनाए, जिसमें 10 छक्के शामिल थे। कैमरून ग्रीन को 23 रन पर एक और मौका मिला जब अरशद खान ने एक कैच छोड़ा और गलती से गेंद बाउंड्री के पार चार रन के लिए चली गई। ग्रीन ने 28 गेंदों पर नाबाद 52 रन बनाए। अंगकृष रघुवंशी को भी 53 रन पर कैच छूटने का फायदा मिला जब वॉशिंगटन सुंदर ने एक आसान सा मौका गंवा दिया। युवा बल्लेबाज ने इसके बाद 82 रनों की नाबाद पारी खेली।

पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने 20 ओवर में 2 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 247 रन लगाए। पार्थिव पटेल ने 93 रनों की धमाकेदार पारी खेलने वाले फिन एलन की सराहना की। उन्होंने कहा, “एलन ने बहुत अच्छी पारी खेली, इसमें कोई शक नहीं है। हमें लगा कि यह आसान पिच नहीं थी। हमारे मजबूत पेस अटैक के खिलाफ एलन ने कमाल की बल्लेबाजी की।” 248 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 218 रन ही बना सकी। हालांकि, इस हार के बावजूद जीटी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। टीम के 13 मुकाबलों में 16 प्वाइंट्स हैं।

–आईएएनएस

एसएम/एएस


Show More
Back to top button