लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में प्रशासनिक फेरबदल, दो एसीपी समेत कई अधिकारियों के तबादले


लखनऊ, 27 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश लखनऊ की राजधानी लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में बुधवार को प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल करते हुए सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) स्तर के अधिकारियों समेत निरीक्षक और उपनिरीक्षक स्तर के पुलिस अधिकारियों के तबादले किए गए।

पुलिस प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार नई तैनातियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। जारी आदेश के अनुसार, एसीपी स्तर के दो राजपत्रित अधिकारियों को यातायात शाखा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

एसीपी अवनीश कुमार, जो अब तक लखनऊ पुलिस में तैनात थे, उन्हें सहायक पुलिस आयुक्त यातायात बनाया गया है। वहीं एसीपी मंजू पाण्डेय को भी सहायक पुलिस आयुक्त यातायात के पद पर नई जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा पुलिस कमिश्नरेट में निरीक्षक और उपनिरीक्षक स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं। अतिरिक्त निरीक्षक थाना नाका के पद पर तैनात नीलम पाण्डेय को प्रभारी निरीक्षक महिला थाना बनाया गया है।

वहीं, पुलिस उपायुक्त उत्तरी के वाचक के रूप में कार्यरत राधेश्याम मौर्य को महिगवां थाने का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

पुलिस विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह फेरबदल कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा यातायात एवं महिला सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है।

राजधानी में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव, महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों और स्थानीय स्तर पर बेहतर पुलिसिंग की जरूरत को देखते हुए यह कदम अहम माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में पुलिस कमिश्नरेट में अन्य प्रशासनिक बदलाव भी किए जा सकते हैं। नई तैनाती पाने वाले अधिकारियों को जल्द कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

–आईएएनएस

विकेटी/एसके


Show More
Back to top button