गाजियाबाद : ईवी कार में आग लगने से बिल्डिंग में भरा धुआं, लोगों ने दूसरी बिल्डिंग से कूदकर बचाई जान


गाजियाबाद, 27 मई, आईएएनएस। गाजियाबाद के वैशाली में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। लिंक रोड पर एक बिल्डिंग के बेसमेंट में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग कार में पहले आग लगी। इसके बाद कार धूं-धूं कर जलने लगी। आग इतनी भयंकर थी कि पूरी बिल्डिंग में धुआं भर गया और सीढ़ियां ब्लॉक हो गईं। इसके साथ 15 से 17 लोग बिल्डिंग में फंस गए थे। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाई।

दमकल अधिकारी राहुल पाल सिंह ने बताया, “रात में 2 बजकर 24 मिनट पर वैशाली फायर स्टेशन को सूचना प्राप्त हुई कि लिंक रोड थाना क्षेत्र के सूर्य नगर में 177 रामपुरी की एक बिल्डिंग में आग लगी है और 15 से 17 लोग फंसे हुए हैं। इस पर तुरंत वैशाली से साहिबाबाद से चार गाड़ियां दमकल की मौके पर पहुंची।

“घटनास्थल पर जाकर देखा कि बिल्डिंग के बेसमेंट में ईवी चार्जिंग गाड़ी में भीषण आग लगी थी, जिसके कारण पूरी बिल्डिंग में धुआं भर गया था और सीढ़ियां ब्लॉक हो गई थी। तत्काल फायर सर्विस आग को बुझाने काम शुरू किया। वहीं, जो लोग फंसे थे, वह बगल वाली बिल्डिंग से कूदते हुए बाहर आ गए। सभी लोग सुरक्षित हैं, कोई जनहानि नहीं हुई है।”

इससे पहले 26 मई को गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र स्थित शिप्रा सृष्टि सोसायटी में आग लग गई थी। मंगलवार की शाम 4.49 बजे शिप्रा सृष्टि अपार्टमेंट में आग लगने की सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजियाबाद तथा प्रभारी अग्निशमन अधिकारी वैशाली फायर टेंडर्स के साथ तत्काल घटनास्थल पहुंचे। जब दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो पाया कि शिप्रा सृष्टि अपार्टमेंट के 15वें तल पर फ्लैट नंबर 1506 में आग लगी हुई थी।

ऊंची इमारत में आग लगने के कारण सोसायटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में दमकल कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। सोसायटी में पहले से स्थापित फायर फाइटिंग सिस्टम का उपयोग करते हुए दो होज पाइपलाइन बिछाई गई और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल विभाग की टीम ने बेहद कम समय में स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

–आईएएनएस

ओपी/एएस


Show More
Back to top button