मां शौकत आजमी को याद कर भावुक हुईं शबाना, बोलीं- 'अभिनय ही उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी खुशी थी'


मुंबई, 17 मई (आईएएनएस)। दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी अक्सर अपने माता-पिता की यादों को सोशल मीडिया के जरिए लोगों के साथ साझा करती रहती हैं। इस कड़ी में उन्होंने अपनी मां शौकत आजमी को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट किया। इस पोस्ट में अभिनेत्री ने अपनी मां के व्यक्तित्व, उनके अभिनय और जिंदगी के अलग-अलग पहलुओं को याद किया। साथ ही बताया कि उनकी मां को अपने जीवन में सबसे ज्यादा खुशी किस चीज से मिली थी।

शबाना आजमी ने इंस्टाग्राम पर अपनी मां की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर साझा की। इस तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, ”वह एक शानदार पत्नी, मां, घर संभालने वाली महिला और अपने करियर में सफल अभिनेत्री थीं। जब वह अपने जीवन के आखिरी दिनों में थीं, तब मैंने उनसे पूछा था कि जिंदगी के किस हिस्से ने उन्हें सबसे ज्यादा संतोष और खुशी दी।”

शबाना ने आगे बताया, ”इस सवाल के जवाब में मां ने कहा कि अभिनय उनके जीवन की सबसे बड़ी खुशी था। अगर मुझसे भी यही सवाल पूछा जाए, तो मेरा जवाब भी यही होगा।” शबाना की इस पोस्ट पर सेलेब्स के साथ-साथ कई लोगों ने प्रतिक्रिया दी।

अभिनेता अनिल कपूर ने इस पोस्ट पर कमेंट करते हुए शौकत आजमी को याद किया और लिखा- ‘उनकी याद आती है।”

शबाना आजमी की मां शौकत आजमी भारतीय थिएटर और फिल्मों की जानी-मानी अभिनेत्री थीं। उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी। वह खास तौर पर ‘गरम हवा’ और ‘उमराव जान’ जैसी फिल्मों के लिए जानी जाती हैं। वहीं उनके पिता कैफी आजमी उर्दू साहित्य के सबसे मशहूर कवियों में गिने जाते हैं।

कैफी आजमी का निधन साल 2002 में हुआ, जिसके बाद शौकत आजमी ने ‘कैफी एंड आई’ नाम से एक आत्मकथा लिखी थी। बाद में इसी किताब पर ‘कैफी और मैं’ नाम का उर्दू नाटक भी बनाया गया था। खास बात यह रही कि इस नाटक में शबाना आजमी ने अपनी ही मां का किरदार निभाया था।

–आईएएनएस

पीके/पीएम


Show More
Back to top button