मुरादाबाद : बच्ची पर कुत्तों ने किया हमला, अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर


मुरादाबाद, 17 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक बच्ची अपने पिता को खेत में खाना देने गई थी, तभी छह कुत्तों ने उसे अपना निशाना बना लिया।

कुत्तों ने उसके शरीर के एक या दो नहीं, बल्कि कई हिस्सों पर हमला किया। बच्ची की चीख-पुकार सुनने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे फौरन नाजुक अवस्था में ही अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की ओर से किए गए समुचित उपचार के बाद अब उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। हालांकि, बच्ची अभी भी अस्पताल में भर्ती है।

वहीं, जिस तरह से छह कुत्तों ने उस मासूम बच्ची पर हमला किया है, उसके बाद आसपास के लोगों में खौफ का माहौल है। लोगों को इस बात का डर है कि जिस तरह से इस बच्ची को इन कुत्तों ने अपना निशाना बनाया है, इससे इस बात की आशंका बढ़ जाती है कि आने वाले दिनों में ये कुत्ते अन्य लोगों पर भी हमला कर सकते हैं।

ऐसी स्थिति में लोगों के बीच अब इस बात की चर्चा है कि इन कुत्तों से निजात पाने के लिए क्या कदम उठाया जाए।

उधर, बच्ची के परिजन इमरान ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत की। परिजन ने बच्ची की मौजूदा हालत स्थिर बताया और कहा कि बच्ची कुत्तों के हमले में बुरी तरह जख्मी हो चुकी थी। लेकिन, गनीमत यह है कि अब डॉक्टरों के समुचित उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर है, जिसके बाद हम राहत की सांस ले पा रहे हैं।

परिजन के मुताबिक, बच्ची अपने पिता को खाना देने गई थी। इसी दौरान बागान में बच्ची ने गिरे आम को उठाना शुरू कर दिया। लेकिन, वहां मौजूद कुत्तों ने बच्ची पर हमला कर दिया। हालांकि, वहां पर छह बच्चे थे, लेकिन वो सभी भाग गए। लेकिन, ये बच्ची वहीं पर रूक गई। कुत्तों ने बच्ची के सिर और गले पर हमला किया।

–आईएएनएस

एसएचके/एबीएम


Show More
Back to top button