अजय देवगन को बेहतर अभिनेता ही नहीं अच्छा इंसान भी मानती हैं महिमा चौधरी, अभिनेत्री ने सुनाया एक्सीडेंट से जुड़ा किस्सा


मुंबई, 17 मई (आईएएनएस)। अभिनेत्री महिमा चौधरी साल 1999 में हुए अपने साथ के हादसे को आज भी भूला नहीं पाई हैं। इस हादसे से जुड़े वाकये को वह अक्सर प्रशंसकों के साथ साझा करती रहती हैं। इसी कड़ी में उन्होंने एक बार ‘द कपिल शर्मा’ शो में अजय देवगन को अपना सबसे ज्यादा ख्याल रखने वाला को-स्टार बताया है। महिमा के अनुसार, फिल्म ‘दिल क्या करे’ की शूटिंग के दौरान हुए भीषण एक्सीडेंट के समय अजय देवगन ने उनका पूरा साथ दिया था।

महिमा चौधरी ने बताया कि बेंगलुरु में फिल्म की शूटिंग के दौरान उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना में उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और शीशे के कई टुकड़े चेहरे में घुस गए। उस समय अजय देवगन फिल्म के प्रोड्यूसर भी थे।

उन्होंने अजय देवगन को न सिर्फ अच्छा अभिनेता बल्कि एक अच्छा इंसान भी बताया है। महिमा ने कहा, “अजय मुझे सही प्लास्टिक सर्जन के पास ले गए। उन्होंने मुझे हिम्मत दी। अगर कोई और प्रोड्यूसर होता तो शायद बस इतना ही कह देता कि जाओ इलाज कराओ लेकिन अजय ने कहा कि तुम्हें प्लास्टिक सर्जन के पास ही जाना चाहिए।”

महिमा ने आगे बताया कि उस समय उन्हें बहुत डर लग रहा था कि अगर उनकी चोटों की खबर फैल गई तो उनका करियर खत्म हो जाएगा। उन्होंने अजय देवगन और फिल्म के डायरेक्टर प्रकाश झा से गुजारिश की थी कि वे इस दुर्घटना की खबर किसी को न बताएं। दोनों ने महिमा का पूरा साथ दिया और उनके इलाज में मदद की।

सुभाष घई की फिल्म ‘परदेस’ से डेब्यू करने वाली महिमा साल 1999 में आई फिल्म ‘दिल क्या करे’ में लीड एक्ट्रेस के रूप में नजर आई थीं। फिल्म में उनके साथ अजय देवगन, काजोल और चंद्रचूड़ सिंह भी मुख्य भूमिकाओं में थे। इस फिल्म का निर्देशन प्रकाश झा ने किया और निर्माण वीरू देवगन व वीणा देवगन ने किया था।

–आईएएनएस

एमटी/पीएम


Show More
Back to top button