आईएसएसएफ वर्ल्ड कप शॉटगन: ट्रैप मिश्रित टीम में नीरू और विवान ने साधा ब्रॉन्ज पर निशाना


नई दिल्ली, 10 मई (आईएएनएस)। अल्माटी में आयोजित इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) वर्ल्ड कप शॉटगन में नीरू ढांडा और विवान कपूर की जोड़ी ने रविवार को ट्रैप मिक्स्ड टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।

नीरू और विवान ने फाइनल में पहले 30 टारगेट में से 24 पर निशाना साधा। सिल्वाना स्टांको और मौरो डी फिलिपिस की इटैलियन जोड़ी के बराबर स्कोर करने के बावजूद, उन्हें बेहतर पदक से चूकना पड़ा, क्योंकि क्वालिफिकेशन राउंड में वे रजत पदक जीतने वाली इतालवी जोड़ी से दूसरे स्थान पर रहे थे। चीनी ताइपे के कुन-पी यांग और वान-यू लियू ने फाइनल में 36 के विश्व रिकॉर्ड स्कोर के साथ अपना दूसरा वर्ल्ड कप गोल्ड जीता।

विवान और नीरू ने क्वालिफिकेशन में 143 का स्कोर किया था, जो पेरिस ओलंपिक की रजत पदक विजेता सिल्वाना और इस इवेंट के पूर्व विश्व चैंपियन मौरो से सिर्फ दो अंक पीछे था। दोनों ने फाइनल में जगह पक्की करने के लिए तीसरे राउंड में 25-25 का परफेक्ट स्कोर किया। विवान अपने कुल 75 टारगेट में से सिर्फ दो पर निशाना नहीं लगा सके।

टीम के साथी अहवर रिजवी और प्रगति दुबे ने 130 का स्कोर किया और 31 टीमों की इस प्रतियोगिता में 23वें स्थान पर रहे। निर्णायक दौर में शुरुआती 10 टारगेट के बाद, कुन और वान परफेक्ट स्कोर के साथ सबसे आगे चल रहे थे। नीरू ने अपना तीसरा टारगेट मिस कर दिया, जिससे भारत दूसरे स्थान पर आ गया। इससे पहले विवान ने अपने सभी पांचों टारगेट पर निशाना साधते हुए क्वालिफिकेशन राउंड की बेहतरीन फॉर्म जारी रखी थी।

इटली और चीन तीसरे स्थान के लिए मुकाबला कर रहे थे। 20 टारगेट के बाद इटली ने एक हिट के अंतर से यह मुकाबला जीत लिया, जबकि चीनी ताइपे ने भारत पर अपनी बढ़त दो अंकों तक बढ़ा ली, क्योंकि नीरू ने दो और टारगेट मिस कर दिए थे।

इसके बाद इटैलियन जोड़ी ने तीसरी सीरीज में कोई भी टारगेट मिस नहीं किया। वहीं, विवान ने फाइनल में अपने 13वें शॉट पर अपना पहला टारगेट मिस कर दिया। अंत में, दोनों जोड़ियों का स्कोर बराबर रहा, लेकिन क्वालिफिकेशन राउंड में बेहतर प्रदर्शन के कारण इटैलियन जोड़ी को जीत मिली।

फिर भी, ओलंपिक इवेंट में नीरू और विवान के लिए यह उनका पहला आईएसएसएफ वर्ल्ड कप पदक था, जो एक सराहनीय उपलब्धि है। साथ ही, पिछले साल इस इवेंट के ओलंपिक खेलों में शामिल होने के बाद से भारत का यह दूसरा पदक है। एशियाई और नेशनल चैंपियन नीरू ढांडा कजाकिस्तान के अल्माटी में इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) वर्ल्ड कप शॉटगन में महिलाओं की ट्रैप प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचीं। 10 शॉट्स के पहले एलिमिनेशन राउंड के बाद, सात हिट्स के साथ वह सातवें स्थान पर रहीं।

दूसरी पांच-शॉट की सीरीज में सभी पांचों टारगेट पर निशाना लगाने के बावजूद, यह भारतीय शूटर पहले राउंड में हुई तीन चूकों से उबर नहीं पाईं। तीनों पोडियम स्थान ओलंपिक पदक विजेताओं के खाते में गए। पेरिस ओलंपिक की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट ऑस्ट्रेलियाई शूटर पेनी स्मिथ ने 30 में से 30 हिट्स के वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ गोल्ड जीता, जबकि स्पेन की टोक्यो ओलंपिक मिक्स्ड टीम चैंपियन फातिमा गैल्वेज ने 25 हिट्स के साथ सिल्वर जीता। महिलाओं की ट्रैप शूटिंग की दिग्गज खिलाड़ी स्लोवाकिया की जुजाना रेहाक स्टेफेचेकोवा ने ब्रॉन्ज जीता।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button