आईपीएल 2026: दिल्ली कैपिटल्स पर जीत के साथ प्वाइंट्स टेबल में 'नंबर-1' बनना चाहेगी पंजाब किंग्स


धर्मशाला, 10 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 55वां मैच पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) और दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के बीच सोमवार को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाना है। पीबीकेएस का मकसद इस मैच को जीतकर प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंचना होगा।

पंजाब किंग्स ने जोरदार तरीके से अपने अभियान की शुरुआत की थी। इस टीम ने शुरुआती 7 में से एक भी मैच नहीं गंवाया। इस बीच एक मुकाबला बारिश के चलते बेनतीजा रहा था। टूर्नामेंट की सबसे मजबूत टीमों में से एक बनकर उभरने के बाद श्रेयस अय्यर की टीम को लगातार तीन मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ गया।

जैसे-जैसे प्लेऑफ की जंग तेज हो रही है, पंजाब किंग्स अपनी हार का सिलसिला रोकने और प्लेऑफ में जगह बनाने की संभावनाओं को मजबूत करने के लिए बेताब होगी। पंजाब किंग्स 10 में से 6 मैच जीतकर 13 अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर है।

दूसरी तरफ, दिल्ली कैपिटल्स पर टूर्नामेंट से जल्दी बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। 11 मुकाबलों में सिर्फ 4 जीत के साथ, कैपिटल्स पूरे सीजन में अपनी निरंतरता बनाए रखने के लिए संघर्ष करती नजर आई है।

भले ही डीसी अपने बाकी बचे सभी मैच जीत ले, ये टीम ज्यादा से ज्यादा 14 अंकों तक ही पहुंच सकेगी, जिससे उनकी प्लेऑफ की उम्मीदें बहुत कम रह जाएंगी। डीसी अपने पिछले 6 मुकाबलों में सिर्फ एक जीत ही हासिल कर पाई है, उनके हालिया खराब प्रदर्शन ने इस अहम मुकाबले से पहले टीम के आत्मविश्वास को यकीनन कमजोर किया होगा। यह टीम 11 में से 7 मैच गंवाकर 8वें पायदान पर है।

दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच अब तक 36 मैच खेले गए हैं, जिसमें 17 मुकाबले डीसी ने अपने नाम किए, जबकि 18 मैच पीबीकेएस ने जीते। इस बीच 1 मैच बेनतीजा रहा।

दिल्ली कैपिटल्स की टीम: अक्षर पटेल (कप्तान), केएल राहुल, कुलदीप यादव, करुण नायर, डेविड मिलर, पथुम निसांका, ट्रिस्टन स्टब्स, समीर रिजवी, नितीश राणा, टी. नटराजन, मुकेश कुमार, आशुतोष शर्मा, दुष्मंथा चमीरा, लुंगी एनगिडी, विपराज निगम, साहिल पारख, पृथ्वी शॉ, अभिषेक पोरेल, अजय मंडल, त्रिपुरा विजय, माधव तिवारी, औकिब नबी डार, मिशेल स्टार्क, काइल जैमिसन और रेहान अहमद।

पंजाब किंग्स की टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, अजमतुल्लाह उमरजई, विजयकुमार विशक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, हरप्रीत बरार, सूर्यांश शेडगे, विष्णु विनोद (विकेटकीपर), जेवियर बार्टलेट, यश ठाकुर, मिचेल ओवेन, हरनूर सिंह, मुशीर खान, पायल अविनाश, मार्को जानसन, लॉकी फर्ग्यूसन, कूपर कोनोली, बेन द्वारशुइस, प्रवीण दुबे, विशाल निषाद।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button