जम्मू: अमरनाथ यात्रा से पहले तवी आरती और लाइट एंड साउंड शो का उद्घाटन, उपराज्यपाल ने किया शुभारंभ


जम्मू, 2 जुलाई (आईएएनएस)। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को श्री अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तवी आरती और लाइट एंड साउंड शो का उद्घाटन किया। यह आयोजन बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए आने वाले तीर्थयात्रियों के स्वागत के उद्देश्य से किया गया।

इस अवसर पर उपराज्यपाल ने कहा कि यह पवित्र यात्रा आस्था, अनुशासन और आध्यात्मिक जागरण का प्रतीक है और यह अनगिनत पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रही है।

उपराज्यपाल ने कहा कि श्री अमरनाथ यात्रा विभिन्न भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं के लोगों को एक साझा आस्था के सूत्र में पिरोने वाली जीवंत परंपरा है। यात्रा शुरू होने से कुछ घंटे पहले ही पूरा जम्मू-कश्मीर भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठा और तवी नदी के घाट दीपों से जगमगा उठे।

उन्होंने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तवी आरती प्राचीन परंपराओं पर आधारित है और आज यह सामूहिक आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक एकता और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक बन चुकी है।

उन्होंने कहा कि नदी का निरंतर प्रवाह हमें यह संदेश देता है कि जैसे पानी बिना भेदभाव के बहता है, वैसे ही मानव जीवन को भी प्रेम, सहयोग और आपसी सम्मान से आगे बढ़ना चाहिए। यात्रा के दौरान प्रतिदिन तवी आरती आयोजित की जाएगी और जलाए गए दीप आस्था, शुद्धता और नई ऊर्जा का प्रतीक होंगे।

उपराज्यपाल ने जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि तवी रिवरफ्रंट ने अब उपेक्षित घाटों को सांस्कृतिक, सामाजिक और आध्यात्मिक गतिविधियों का केंद्र बना दिया है।

उन्होंने कहा कि जम्मू प्राचीन काल से ही आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक समृद्धि का केंद्र रहा है और अब यह अपनी ऐतिहासिक पहचान को फिर से प्राप्त कर रहा है। उन्होंने लोगों से शहर को स्वच्छ और जीवंत बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

इस अवसर पर उपराज्यपाल ने बस सेवा की भी शुरुआत की, जिसका उद्देश्य पर्यटकों और स्थानीय लोगों को शहर के प्रमुख सांस्कृतिक और पर्यटन स्थलों तक सुगम और पर्यावरण अनुकूल यात्रा सुविधा प्रदान करना है।

कार्यक्रम के दौरान उपराज्यपाल ने अमरनाथ जी यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया और श्रद्धालुओं को स्वच्छता स्मृति चिन्ह भेंट किए। इस अवसर पर कई सांसद, विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, धार्मिक नेता और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

–आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी


Show More
Back to top button