लखनऊ में यूपी टीईटी 2026 परीक्षा के लिए कड़ी सुरक्षा, 96 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल

लखनऊ, 1 जुलाई (आईएएनएस)। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने यूपीटीईटी-2026 परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की घोषणा की है। यह परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को जनपद लखनऊ के 46 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
परीक्षा का आयोजन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा किया जा रहा है। इसमें कुल 96,454 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो दिन सुबह और दोपहर की दो पालियों में तथा एक दिन केवल सुबह की पाली में आयोजित होगी।
पुलिस कमिश्नरेट की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, परीक्षा व्यवस्था के लिए कुल 332 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जिसमें 46 उपनिरीक्षक, 92 मुख्य आरक्षी/आरक्षी, 92 महिला आरक्षी और 92 सशस्त्र पुलिस बल शामिल हैं, जिन्हें गोपनीय सामग्री सुरक्षा ड्यूटी में लगाया गया है।
हर परीक्षा केंद्र पर एक उपनिरीक्षक, दो मुख्य आरक्षी/आरक्षी और दो महिला आरक्षी तैनात रहेंगे ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, आईटी गैजेट्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। इसके साथ ही परीक्षा केंद्र के 200 मीटर दायरे में साइबर कैफे, फोटो कॉपी और पीसीओ पूरी तरह बंद रहेंगे।
परीक्षा के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउडस्पीकर) के उपयोग पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सभी सहायक पुलिस आयुक्त और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। सोशल मीडिया सेल द्वारा सभी प्लेटफॉर्म की लगातार निगरानी की जा रही है।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस उपायुक्त (यातायात) ने रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, मेट्रो स्टेशन, टैक्सी स्टैंड और परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष पुलिस बल की तैनाती की व्यवस्था की है। टीआई स्तर के अधिकारी एक दिन पहले ही मार्गों का निरीक्षण करेंगे।
परीक्षा दिवस पर सुबह 7 बजे से परीक्षा समाप्ति तक सभी थाना प्रभारी क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे। आपात स्थिति के लिए यूपी-112 की गाड़ियां परीक्षा केंद्रों के पास तैनात रहेंगी।
महिला सुरक्षा के लिए पिंक पेट्रोल, एंटी रोमियो स्क्वाड और यूपी-112 टीम लगातार निगरानी में रहेंगी।
पुलिस ने निर्देश दिया है कि सभी कर्मी परीक्षा शुरू होने से तीन घंटे पहले केंद्र पर उपस्थित रहें और आईडी कार्ड साथ रखें। किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया जाएगा।
लखनऊ पुलिस ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पहुंचे, सभी नियमों का पालन करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
–आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी