उत्तर कोरिया में किम जोंग-उन और रूसी स्पीकर की मुलाकात, सैनिकों की याद में बने संग्रहालय का उद्घाटन


मॉस्को, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन ने रविवार को प्योंगयांग में रूस की संसद (निचले सदन) के स्पीकर से मुलाकात की। यह जानकारी एक मीडिया रिपोर्ट में दी गई।

रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास के अनुसार, किम ने स्पीकर व्याचेस्लाव वोलोडिन से मुलाकात की। वोलोडिन यूक्रेन के साथ रूस के युद्ध में रूस की तरफ से लड़ते हुए मारे गए उत्तर कोरियाई सैनिकों के सम्मान में बने एक स्मारक संग्रहालय के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए देश के दौरे पर आए थे।

इस मुलाकात के दौरान वोलोडिन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की तरफ से शुभकामना और बधाई दी। उन्होंने किम जोंग-उन के दोबारा ‘राज्य मामलों के प्रमुख’ चुने जाने पर भी बधाई दी।

वोलोडिन ने कहा, “हमारे लिए यह बहुत सम्मान की बात है कि हम इन दिनों प्योंगयांग में हैं। हम उस स्मारक परिसर और संग्रहालय के उद्घाटन में शामिल हुए, जो विदेश में हुए सैन्य अभियान के हीरोज की याद में बनाया गया है।”

उन्होंने आगे कहा कि रूसी लोग उन उत्तर कोरियाई सैनिकों की बहादुरी को कभी नहीं भूलेंगे।

तास के अनुसार, वोलोडिन ने उत्तर कोरिया के भाईचारे वाले समर्थन के लिए भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह समर्थन खासकर उस समय मिला जब कोरियाई सैनिकों ने रूसी सैनिकों के साथ मिलकर कुर्स्क इलाके को आजाद कराने में मदद की।

उन्होंने कहा क‍ि हम साथ मिलकर उन सभी वीरों को याद करते हैं, जिन्होंने अपनी जान देकर हमारे देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी। यह सच में एक दोस्त की तरफ से किया गया काम है।

रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर कोरिया ने जून 2024 में किम और राष्ट्रपति पुतिन के बीच एक रणनीतिक साझेदारी समझौते के बाद रूस की मदद के लिए लगभग 15,000 सैनिक भेजे थे।

बताया गया कि 26 अप्रैल पिछले साल रूस ने कहा था कि उसने यूक्रेनी सेना से कुर्स्क क्षेत्र वापस ले लिया है, और इसमें उत्तर कोरियाई सैनिकों की भी भूमिका रही थी।

इसी बीच, रूस के रक्षा मंत्री आंद्रेई बेलौसोव रविवार को उत्तर कोरिया पहुंचे, जहां उन्हें एयरपोर्ट पर उत्तर कोरिया के सैन्य विभाग के प्रमुख जनरल नो ग्वांग-चोल ने रिसीव किया। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि अपनी इस यात्रा के दौरान रूसी रक्षा मंत्री उत्तर कोरिया के शीर्ष नेताओं और सैन्य कमांडरों से मिलेंगे और कई स्मारक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे।

–आईएएनएस

एवाई/डीकेपी


Show More
Back to top button