अफगानिस्तान: ड्रग्स तस्करी के खिलाफ अभियान में 80 लोग गिरफ्तार, भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद


काबुल, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। गृह मंत्रालय ने एक बयान में बताया क‍ि अफगान कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने देश के अलग-अलग प्रांतों में चलाए गए ऑपरेशन के दौरान ड्रग्स तस्करी के आरोप में 80 लोगों को गिरफ्तार किया है।

स‍िन्हुआ न्‍यूज एजेंसी के अनुसार, मंत्रालय ने बताया क‍ि नारकोटिक्स के खिलाफ काम करने वाली पुलिस ने कई इलाकों में छापेमारी की, जिसमें बड़ी मात्रा में अवैध सामान बरामद हुआ। इसमें चरस, नशीली गोलियां और हेरोइन बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामग्री शामिल है।

बयान में कहा गया कि ये गिरफ्तारियां देशभर में चल रहे उस अभियान का हिस्सा हैं, जिसका मकसद ड्रग्स तस्करी पर रोक लगाना और इसके नेटवर्क को खत्म करना है।

अधिकारियों ने दोहराया कि वे नशीले पदार्थों के उत्पादन, तस्करी और बिक्री के खिलाफ अपनी कार्रवाई और तेज करेंगे।

काउंटर-नारकोटिक्स के प्रांतीय निदेशक कारी वहीदुल्लाह मतावाकिल ने 15 अप्रैल को बताया कि पूर्वी अफगानिस्तान के खोस्त प्रांत में पुलिस ने 100 किलो से ज्यादा अलग-अलग तरह के ड्रग्स को सार्वजनिक रूप से जलाकर नष्ट किया। इसमें चरस, हेरोइन, अफीम और हजारों की संख्या में उत्तेजक गोलियां शामिल थीं। हालांकि, उन्होंने ज्यादा जानकारी नहीं दी।

अधिकारी ने कहा कि किसी को भी प्रांत में अवैध ड्रग्स बनाने या तस्करी करने की इजाजत नहीं है और जो भी कानून तोड़ेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

अफगानिस्तान सरकार ने हाल के महीनों में ड्रग्स के खिलाफ अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है। पुलिस ने देशभर में सैकड़ों एकड़ में लगी अफीम की खेती नष्ट की है और कई टन नशीले पदार्थों को जला दिया है।

प्रांतीय पुलिस कार्यालय के एक बयान के अनुसार, 23 फरवरी को उत्तरी अफगानिस्तान के तखार प्रांत में पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 41 किलो ड्रग्स बरामद क‍िया।

बयान के मुताबिक, आरोपी 29 किलो अफीम और 12 किलो चरस प्रांत से बाहर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। अफगान सरकार ने वादा किया कि वह अवैध ड्रग्स के उत्पादन और तस्करी के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी, जब तक कि देश पूरी तरह इस समस्या से मुक्त नहीं हो जाता।

–आईएएनएस

एवाई/डीकेपी


Show More
Back to top button