दिल्ली: उपराज्यपाल संधू ने प्रतिष्ठित फोटोग्राफर रघु राय के निधन पर व्यक्त किया शोक


नई दिल्ली, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली के उपराज्यपाल टीएस संधू ने रविवार को प्रसिद्ध फोटोग्राफर रघु राय के निधन पर शोक व्यक्त किया।

उपराज्यपाल टीएस संधू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ”रघु राय के निधन से फोटोग्राफी की दुनिया ने एक महान हस्ती को खो दिया है।”

उन्होंने कहा, ”वह एक बेमिसाल कलाकार थे। उनके काम में तकनीकी उत्कृष्टता के साथ गहरी मानवीय संवेदना भी दिखती थी। उन्होंने भारत की आत्मा को बेहद गहराई और संवेदनशीलता के साथ अपनी तस्वीरों में उतारा। उनकी ऐतिहासिक तस्वीरें आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी और फोटोग्राफी के जरिए कहानी कहने की मिसाल बनी रहेंगी।”

संधू ने कहा, ”मैं उनकी पत्नी गुरमीत संघा राय, उनके परिवार और पूरी फोटोग्राफी जगत के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम शांति।”

83 वर्षीय रघु राय का रविवार को निधन हो गया। वह पिछले दो साल से कैंसर से जूझ रहे थे। फोटो जर्नलिज्म के अग्रणी माने जाने वाले रघु राय का अंतिम संस्कार शाम को लोधी रोड श्मशान घाट पर किया गया।

पिछले 60 वर्षों में रघु राय ने जिंदगी के अनेक रंगों को अपने कैमरे में कैद किया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जैसे नेताओं से लेकर शास्त्रीय संगीत के दिग्गजों तक, और सबसे बढ़कर आम आदमी की जिंदगी को अपनी तस्वीरों में जगह दी।

रघु राय हमेशा अपने समय की सामाजिक और राजनीतिक सच्चाइयों को करीब से देखते रहे। वह सिर्फ चेहरों को नहीं, बल्कि लोगों की आत्मा को कैमरे में कैद करने के लिए जाने जाते थे।

पद्मश्री से सम्मानित रघु राय की तस्वीरें इन दिनों केएनएमए में आयोजित प्रदर्शनी ‘रघु राय – ए थाउजेंड लाइव्स: फोटोग्राफ्स फ्रॉम 1965-2005’ में प्रदर्शित की जा रही हैं। यह प्रदर्शनी 30 अप्रैल तक चलेगी।

इस प्रदर्शनी के दौरान रघु राय ने पत्रकारों से कहा था, “जब मैं फोटो जर्नलिस्ट था तो मैं हमेशा कहता था कि हम दिल्ली में रहकर सिर्फ बड़े लोगों की तस्वीरें क्यों लें? जरूरी है कि हम गांवों और छोटे शहरों में जाएं और वहां की कहानियां दिखाएं। शायद तभी नेता उनकी ओर ध्यान देंगे। याद रखिए, आम आदमी ही इस देश की असली निरंतरता है। नेता और उद्योगपति आते-जाते रहते हैं, लेकिन सड़क पर चलने वाला आम आदमी हमेशा रहता है। यही वजह है कि मेरा ध्यान हमेशा स्ट्रीट फोटोग्राफी पर रहा।”

मशहूर फोटोग्राफर हेनरी कार्टियर-ब्रेसों के शिष्य रघु राय को 1977 में मैग्नम फोटोज से जुड़ने के लिए नामित किया गया था।

–आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी


Show More
Back to top button