हैदराबाद : मल्टी-लेवल मार्केटिंग धोखाधड़ी मामले में पुलिस ने शख्स को किया गिरफ्तार


हैदराबाद, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। हैदराबाद पुलिस ने कथित मल्टी-लेवल मार्केटिंग धोखाधड़ी मामले में एक कंपनी के वरिष्ठ कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। मीरचौक पुलिस स्टेशन की टीम ने फॉरएवर लिविंग इम्पोर्ट्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड में कंट्री सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत हरीश कुमार सिंगला को गिरफ्तार किया।

चारमीनार जोन की डीसीपी किरण खरे ने रविवार को मीडिया को बताया कि हरियाणा निवासी हरीश कुमार सिंगला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराएं समेत तेलंगाना प्रोटेक्शन ऑफ डिपॉजिटर्स ऑफ फाइनेंशियल एस्टैब्लिशमेंट्स एक्ट, 1999 की धारा 5, प्राइज चिट्स एंड मनी सर्कुलेशन स्कीम्स (बैनिंग) एक्ट के अलावा कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी एक डिजिटल मार्केटिंग स्कीम चला रहा था और लोगों को गैरकानूनी कारोबारी गतिविधियों में शामिल कर ठगी करता था। वह लोगों को झूठे वादों और लालच देकर स्कीम से जोड़ता था और फॉरएवर लिविंग के उत्पादों के प्रचार के नाम पर बड़ी रकम वसूलता था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी लोगों को आसान कमाई का लालच देकर स्कीम में जोड़ता था। असली कमाई उत्पाद बेचने से नहीं, बल्कि नए लोगों को जोड़ने और उनसे फीस लेने से होती थी। आरोपी सोशल मीडिया पर लग्जरी लाइफस्टाइल दिखाने वाले वीडियो भी पोस्ट करता था, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस स्कीम से जुड़ें।

आरोप है कि हरीश कुमार सिंगला अपने एजेंट, मैनेजर और फॉरएवर बिजनेस ओनर्स को ऑनलाइन और ऑफलाइन ट्रेनिंग देता था। इन ट्रेनिंग सत्रों में एडमिशन या रजिस्ट्रेशन के नाम पर 199 से 249 रुपए तक फीस ली जाती थी। वह देश के कई शहरों में कंपनी की मीटिंग और कार्यक्रम आयोजित करता था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ‘स्लो ट्रैक’, ‘मीडियम ट्रैक’ और ‘फास्ट ट्रैक’ नाम से अलग-अलग पैकेज का प्रचार करता था। इन पैकेजों के जरिए लोगों को जल्दी मुनाफे का लालच दिया जाता था। आरोपी खासतौर पर 18 से 24 साल के युवाओं और गृहिणियों को वर्क फ्रॉम होम और पार्ट टाइम जॉब का झांसा देकर निशाना बनाता था।

पीड़ितों की शिकायत के आधार पर हैदराबाद के रेन बाजार, मीर चौक और मदन्नापेट पुलिस थानों में तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। इससे पहले कर्मनघाट स्थित अचीवर्स क्लब कार्यालय में काम करने वाले तीन स्थानीय मैनेजर और एजेंट (मोहम्मद अकरम, मोहम्मद नौमान रजा और मोहम्मद असलम) को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन, एक आईपैड, एक मैकबुक, फॉरएवर लिविंग के उत्पाद, एक मर्सिडीज-बेंज कार और अन्य सबूत जब्त किए हैं। इनमें फोन नंबर और लीड्स वाली नोटबुक, ऑनलाइन ट्रेनिंग के वीडियो और लोगों का डेटा जुटाने में इस्तेमाल की गई वेबसाइटों के लिंक भी शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के बैंक खातों में मौजूद करीब 3 करोड़ रुपए फ्रीज कर दिए गए हैं। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

–आईएएनएस

एएमटी/एबीएम


Show More
Back to top button