उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन सोमवार को आंध्र विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह में होंगे शामिल

नई दिल्ली, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन सोमवार को विशाखापत्तनम में आंध्र विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह में छात्रों, शिक्षकों और पूर्व छात्रों को संबोधित करेंगे। आंध्र प्रदेश के दो दिवसीय दौरे के पहले दिन वह इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सोमवार को होने वाले इस समारोह में उपराष्ट्रपति के अलावा दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और कई अन्य लोगों के शामिल होने की भी संभावना है।
इससे पहले शनिवार को जयपुर में राजस्थान विश्वविद्यालय के 35वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने युवाओं से नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले बनने की अपील की थी।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय लगातार ऐसे विचारकों, नेताओं और बदलाव लाने वालों की पीढ़ियां तैयार कर रहा है, जो ज्ञान, ईमानदारी और सेवा के मूल्यों के प्रति समर्पित हैं।
उन्होंने उत्तीर्ण छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह एक अंत के साथ-साथ नई शुरुआत भी होता है। उन्होंने छात्रों से शिक्षा को समाज की प्रगति का साधन बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का असली महत्व तभी है, जब उसका उपयोग नवाचार, नैतिक आचरण और समाज की बेहतरी के लिए किया जाए।
आंध्र विश्वविद्यालय के कुलपति जी.पी. राजा शेखर ने पूर्व छात्रों से अपील की है कि वे अपनी यादें, उपलब्धियां और शुभकामना संदेश साझा करें, जिन्हें शताब्दी स्मारिका का हिस्सा बनाया जाएगा।
उन्होंने पूर्व छात्रों से कहा है कि वे लगभग 60 सेकंड के छोटे वीडियो या आधे पन्ने का लेख भेजें, जिसमें आंध्र विश्वविद्यालय से जुड़ी अपनी यादों और अनुभवों को साझा करें। इन्हें शताब्दी दस्तावेज का हिस्सा बनाया जाएगा। शताब्दी वर्ष का समापन एक भव्य समारोह के साथ होगा, जो विश्वविद्यालय के 100 साल के इतिहास का सबसे बड़ा आयोजन होगा।
उन्होंने एक बयान में कहा, ”इस कार्यक्रम में देश-विदेश से पूर्व छात्र, शिक्षक, विशिष्ट अतिथि, छात्र और शुभचिंतक शामिल होंगे। यह एक ऐतिहासिक अवसर होगा, जो एक सदी के समापन और नई सदी की शुरुआत का प्रतीक बनेगा।”
शताब्दी वर्ष के तहत विश्वविद्यालय ने ”वारोत्सवम” यानी शताब्दी समारोह सप्ताह की शुरुआत की है, जो 18 अप्रैल से आंध्र विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जा रहा है।
–आईएएनएस
एएमटी/एबीएम