यूपी : बुलंदशहर में मंदिर चोरी का आरोपी हिमांशु गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली


बुलंदशहर, 19 मई (आईएएनएस)। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में मंदिरों में चोरी करने वाले शातिर गैंगस्टर के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है। आरोपी को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के जसर बम्बे पुलिया के पास हुई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मंदिर चोरी गैंग का सदस्य हिमांशु इलाके में सक्रिय है। चेकिंग अभियान के दौरान जब पुलिस टीम ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का संकेत किया, तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई।

आरोपी की पहचान हिमांशु (पुत्र प्रहलाद) के रूप में हुई है। वह आहार थाना क्षेत्र के गांव सियाली नगर का निवासी है। पुलिस के अनुसार हिमांशु पर पहले से 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह मंदिरों में चोरी करने का शातिर अपराधी है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 400 ग्राम चांदी, एक चोरी की बाइक और एक अवैध असलहा बरामद किया है।

बुलंदशहर देहात के पुलिस अधीक्षक अंतरिक्ष जैन ने आईएएनएस को बताया, “कुछ दिनों पहले जहांगीराबाद क्षेत्र में दो मंदिरों में चोरी हुई थी। चांदी का छत्र, चांदी का मुकुट, इनवर्टर बैटरी और नकदी चोरी हुई थी। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से हमने इस गैंग के दो सदस्यों अंकित (पुत्र सतपाल सिंह) और रसिक (पुत्र कमल सिंह) को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।”

एसपी ने कहा, “पूछताछ में दोनों ने हिमांशु के साथ कई अन्य चोरियों में शामिल होने की बात कबूल की। हिमांशु की तलाश में मुखबिर की सूचना पर टीम ने चेकिंग की। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने गोली चलाई। आरोपी घायल है और उसका इलाज चल रहा है। आगे की जांच जारी है।”

पुलिस ने इस मुठभेड़ को मंदिर चोरों के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है। हिमांशु के दो साथी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। पुलिस अब इस गैंग के अन्य सदस्यों और चोरी के सामान के ठिकाने का पता लगाने में जुटी हुई है।

–आईएएनएस

एससीएच


Show More
Back to top button