‘भारत ने विश्व गुरु बनने का मौका खो दिया’, अबू आजमी ने साधा भाजपा सरकार पर निशाना


मुंबई, 18 मई (आईएएनएस)। सपा विधायक अबू आजमी ने मध्य पूर्व संघर्ष, केंद्र सरकार की विदेश नीति, बढ़ती महंगाई, सड़क पर नमाज, वंदे मातरम और बांग्लादेशी घुसपैठ जैसे कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने केंद्र और भाजपा शासित राज्यों की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश में एक समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है और विदेश नीति की विफलता का असर आम जनता पर महंगाई के रूप में पड़ रहा है।

अबू आजमी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि भारत के सामने विश्वगुरु बनने का मौका था, जिसे खो दिया गया। भारत एक महान देश है और भारत को आगे आकर जंग रोकने के लिए पीएम को पहल करनी चाहिए थी। केंद्र सरकार की विदेश नीति फेल हो चुकी है, जिसके कारण हमें भीषण महंगाई का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लोगों से ईंधन की बचत करने और विदेश यात्रा न करने की अपील कर रहे हैं, जबकि खुद पांच-पांच देशों की यात्रा कर रहे हैं। कहीं से भी महंगाई रोकने और ईंधन देश में लाने का प्रयास नहीं दिख रहा है। नेता दिखावे के लिए सिर्फ अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम कर रहे हैं। हमेशा के लिए फिजूलखर्ची बंद होनी चाहिए।

उन्होंने कोलकाता में सड़क पर नमाज पढ़ने से रोकने पर कहा कि मुस्लिमों को टारगेट किया जा रहा है। पूरी दुनिया में जब मस्जिद में भीड़ हो जाती है तो कुछ लोग बाहर नमाज पढ़ लेते हैं, लेकिन जहां-जहां भाजपा की सरकार है, वहां मस्जिद के बाहर नमाज पढ़ने से रोका जा रहा है। वहीं, इसी देश में दूसरे धर्म के लोग सड़कों पर बड़े-बड़े कार्यक्रम करते हैं। इस पर किसी मुस्लिम ने विरोध नहीं किया, बल्कि हम समर्थन करते हैं।

उत्तर प्रदेश में सड़कों पर नमाज पढ़ने से रोके जाने पर अबू आजमी ने कहा कि मुख्यमंत्री के पास ताकत होती है। वह जो चाहें, कर लें। जिसकी चाहें पुलिस कस्टडी में हत्या करवा दें, पैरों में गोली मरवा दें। एक समुदाय पर जुल्म कर रहे हैं और कभी न कभी इसका भी फल मिलेगा।

अबू आजमी ने कहा कि हम वंदे मातरम के विरोधी नहीं हैं, लेकिन धार्मिक व्यक्ति अल्लाह के अलावा किसी और के सामने सिर नहीं झुकाएगा। हम सम्मान में खड़े होते हैं, लेकिन धार्मिक लोग इसे गाते नहीं हैं। अन्य मुसलमान गाते हैं, इससे हमें कोई परेशानी नहीं है।

उन्होंने कहा कि हम सभी को ध्यान रखना चाहिए कि कोई बांग्लादेशी वोटर लिस्ट में शामिल न होने पाए। सरकार की भी जिम्मेदारी है कि बांग्लादेशी देश में आ कैसे रहे हैं? सिर्फ आपको ही नहीं, सबको बॉर्डर पर उन्हें रोकना चाहिए। बांग्लादेशी बोलकर ये सिर्फ राजनीति कर रहे हैं और कुछ नहीं।

–आईएएनएस

एएमटी/एबीएम


Show More
Back to top button