जिम्मेदारियों के बीच कहीं खो गई थी पहचान, अब फिर से खुद को पा रही हूं: सेलिना जेटली

मुंबई, 1 मई (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री सेलिना जेटली इन दिनों अपनी प्रोफेनशन लाइफ से दूर अपने निजी जीवन और मानसिक सुकून पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं। शुक्रवार को उन्होंने इंस्टाग्राम के जरिए जीवन के उतार-चढ़ाव, मानसिक शांति और अपने पुराने दिनों को याद किया।
अभिनेत्री ने अपनी तस्वीरें पोस्ट कीं। इसमें वे घर पर एक सोफे पर हाथ में किताब लिए हुए बैठी हुई हैं। अभिनेत्री ने लिखा, “एक महिला के तौर पर हम अक्सर घर बनाने और परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने में इतने व्यस्त हो जाते हैं कि खुद को ही भूल जाते हैं। ठीक होने की प्रक्रिया कभी शोर-शराबे वाली नहीं होती न ही कोई बड़ी जीत लेकर आती है, बल्कि कभी-कभी यह बस एक शांत दिन और एक गहरी सांस लेने के बारे में होती है।”
सेलिना जेटली ने बताया कि उनके लिए ठीक होने का मतलब अपनी उस पुरानी पहचान को फिर से पाना है, जिसे वह कहीं पीछे छोड़ आई थीं। उन्होंने लिखा, “मैं अब एक ऐसी लड़की की ओर वापस लौट रही हूं, जो मैं असल में हूं। अपनी ताकत, अपनी आवाज और अपनी हिम्मत को फिर से हासिल करना ही मेरे जीवन का लक्ष्य है।”
अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट पर पालतू कुत्ते का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा, “शादी के बाद मैं अपने सारे कुत्तों को पीछे छोड़ आई थी। उस बिछड़ने का दर्द कई वर्षों से मेरे दिल में चुपचाप बसा हुआ है। शायद किसी दिन मुझे फिर से एक छोटा सा कुत्ता मिल जाए।”
सेलिना ने आखिर में बताया कि फिलहाल वे अपनी शांति एक कप कॉफी, अपनी पसंदीदा किताब और ‘बनी पजामा’ में बिताए गए वक्त में ढूंढ रही हैं। उन्होंने बताया, “मैं अभी नालंदा की खुदाई पर आधारित एक किताब पढ़ रही हूं और छोटे-छोटे पलों के जरिए खुद को बेहतर बना रही।”
सेलिना जेटली ने ‘जानशीं’ से बॉलीवुड में शुरुआत की थी और ‘नो एंट्री’ व ‘गोलमाल रिटर्न्स’ जैसी फिल्मों में काम किया। आर्मी बैकग्राउंड (पिता कर्नल) से आने वाली सेलिना शादी के बाद ऑस्ट्रिया में बस गई थीं। फिलहाल अभिनेत्री भारत आ गई हैं और अपनी जिंदगी की नई शुरुआत में हैं।
–आईएएनएस
एनएस/वीसी