आशुतोष गोवारिकर 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के निदेशक नियुक्त


नई दिल्ली, 1 मई (आईएएनएस)। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने गोवा में होने वाले भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) के 57वें संस्करण के लिए फिल्म निर्माता-निर्देशक आशुतोष गोवारिकर को महोत्सव निदेशक नियुक्त किया है।

गोवारिकर ‘लगान’, ‘स्वदेश’, ‘जोधा अकबर’ जैसी चर्चित फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। उन्होंने भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। आईएफएफआई के साथ उनका लंबा जुड़ाव रहा है। साल 1984 में उन्होंने इस महोत्सव में पहली बार भाग लिया था और 2024 में अंतरराष्ट्रीय सिनेमा जूरी के अध्यक्ष के रूप में भी सेवा कर चुके हैं।

आशुतोष गोवारिकर ने अपनी नियुक्ति पर खुशी जताते हुए कहा, “गोवा में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के निदेशक के रूप में सेवा करना मेरे लिए अत्यंत गौरव और खुशी की बात है। इस महोत्सव के विकास का साक्षी बनना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। 1984 से लेकर 2024 तक इसमें जुड़े रहना मेरे लिए यादगार अनुभव रहा है।”

उन्होंने कहा, “1952 से चली आ रही इस विरासत को आगे बढ़ाना मेरे लिए बड़ा सम्मान है, साथ ही जिम्मेदारी का नया अहसास भी है। मैं सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और गोवा सरकार के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं।”

भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फिल्म उत्सवों में से एक है। यह 1952 में शुरू हुआ था और अब दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा सिनेमा उत्सव माना जाता है।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) और गोवा सरकार के सहयोग से यह महोत्सव हर साल आयोजित होता है। इस महोत्सव में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं, क्लासिक फिल्मों की स्क्रीनिंग, मास्टरक्लास, श्रद्धांजलि कार्यक्रम और वेव्स फिल्म मार्केट जैसे आकर्षण शामिल रहते हैं।

इवेंट में दुनिया भर के फिल्म मेकर्स, नई प्रतिभाएं और एक्टर्स एक मंच पर आते हैं। नवंबर 2026 में गोवा के खूबसूरत तटीय इलाके में आयोजित होने वाला 57वां संस्करण और भी व्यापक रूप में आयोजित होगा। यह विभिन्न भाषाओं, विधाओं और नई तकनीकों को एक साथ लाएगा तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देगा।

–आईएएनएस

एमटी/एबीएम


Show More
Back to top button