राम मंदिर चढ़ावा मामले पर भाजपा बोली-योगी सरकार दोषियों पर करेगी कार्रवाई; यूसीसी को बताया संविधान की प्रतिबद्धता

नई दिल्ली, 2 जुलाई (आईएएनएस)। अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी। पार्टी नेताओं ने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा मामले में जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। वहीं, यूसीसी को लेकर भाजपा ने एक बार फिर इसे संवैधानिक प्रतिबद्धता बताया।
बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने राम मंदिर चढ़ावा मामले पर कहा कि एसआईटी के गठन के बाद से ही तेजी से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आईएएनएस से कहा, “एसआईटी लगातार काम कर रही है। उत्तर प्रदेश सरकार भी इस मामले को गंभीरता से देख रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद इसकी निगरानी कर रहे हैं। जांच पूरी होने तक लगातार गिरफ्तारियां हो रही हैं। अब तक करीब आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और कई अन्य लोगों से पूछताछ जारी है।”
यूसीसी पर संजय सरावगी ने कहा, “हम अपने चुनावी घोषणा पत्र में कई बार समान नागरिक संहिता लागू करने का वादा कर चुके हैं। उत्तराखंड समेत कई राज्यों में यूसीसी लागू हो चुका है। पश्चिम बंगाल में भी हमने कहा कि सरकार बनने पर यूसीसी लागू करेंगे।”
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने भी राम मंदिर चढ़ावा मामले पर कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही साफ कर चुके हैं कि जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी और ऐसा उदाहरण पेश किया जाएगा कि भविष्य में कोई ऐसी गलती करने की हिम्मत न करे। उन्होंने कहा, “जिन लोगों का राम मंदिर के मुद्दे पर कोई नैतिक अधिकार नहीं है, उन्हें इस विषय पर बोलने का भी अधिकार नहीं है।” यूसीसी पर गुरु प्रकाश ने कहा, “समान नागरिक संहिता एक संवैधानिक प्रतिबद्धता है।”
वहीं, भाजपा के राज्यसभा सदस्य दिनेश शर्मा ने कहा कि सभी लोगों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर भरोसा रखना चाहिए, जिसमें उन्होंने कहा है कि सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री ने बयान देने के तुरंत बाद कार्रवाई के आदेश दिए थे। जांच बहुत तेजी से आगे बढ़ रही है। कोशिश सिर्फ दोषियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की नहीं है बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। इसलिए जांच रिपोर्ट आने तक इंतजार करना चाहिए।”
यूसीसी पर दिनेश शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता का सफल क्रियान्वयन हुआ है। उन्होंने कहा कि असम और पश्चिम बंगाल जैसे सीमावर्ती राज्यों में यूसीसी बेहद महत्वपूर्ण है। खासकर पश्चिम बंगाल लंबे समय से घुसपैठ की समस्या का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी नागरिकों के सुशासन के लिए, चाहे वे हिंदू हों या मुस्लिम, आवश्यक कानून बनाएगी।
उधर, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद ने बताया कि राम मंदिर चंदा मामले की जांच कर रही एसआईटी को जांच पूरी करने के लिए अतिरिक्त 15 दिन का समय दिया गया है। यह अतिरिक्त समय इसलिए दिया गया है ताकि कोई भी निर्दोष व्यक्ति सजा का शिकार न हो और जांच पूरी निष्पक्षता के साथ पूरी की जा सके।
–आईएएनएस
वीकेयू/पीएम