जिम्बाब्वे का दौरा करेगी बांग्लादेश की टीम, दोनों देशों के बीच टेस्ट, वनडे और टी20 सीरीज खेली जाएगी

नई दिल्ली, 22 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान को अपने घर में हाल ही में 2-0 से टेस्ट सीरीज हराने वाली बांग्लादेश क्रिकेट टीम जून-जुलाई में जिम्बाब्वे का दौरा करेगी। जिम्बाब्वे क्रिकेट ने इस दौरे की पुष्टि की है।
जिम्बाब्वे क्रिकेट ने शुक्रवार को बताया कि बांग्लादेश की टीम जून और जूलाई में मल्टी-फॉर्मेट द्विपक्षीय सीरीज के लिए जिम्बाब्वे का दौरा करेगी। इस दौरे पर एक टेस्ट, तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेले जाएंगे।
जिम्बाब्वे क्रिकेट ने कहा, “हमें यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि बांग्लादेश की टीम जिम्बाब्वे के दौरे पर आ रही है। हमें उम्मीद है कि यह सभी फॉर्मेट में एक बहुत ही मुकाबले वाली और रोमांचक सीरीज होगी। यह दौरा हमारे लिए बहुत अहम है, क्योंकि इस साल की शुरुआत में आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के बाद, हमारे घरेलू मैदानों पर एक बार फिर टॉप-लेवल का इंटरनेशनल क्रिकेट लौट रहा है। बताया कि टिकट और ब्रॉडकास्ट से जुड़ी जानकारी बाद में दी जाएगी।”
बोर्ड के मैनेजिंग डायरेक्टर गिवमोर माकोनी ने कहा, “हमारे समर्थकों के पास उन उपलब्धियों पर गर्व करने की हर वजह है जो हमने हाल के महीनों में हासिल की हैं। हम एक बार फिर हरारे और बुलावायो में फैंस को टीम का हौसला बढ़ाते हुए देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।”
जिम्बाब्वे क्रिकेट ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका के पूर्व फर्स्ट-क्लास क्रिकेटर क्विंटन फ्रेंड, बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज से पहले सीनियर पुरुष नेशनल टीम के साथ कंसल्टेंट बॉलिंग कोच के तौर पर काम करेंगे।
बांग्लादेश के खिलाफ यह सीरीज इस साल जिम्बाब्वे की पहली घरेलू सीरीज होगी। साथ ही, यह आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में सुपर आठ चरण तक पहुंचने के उनके ऐतिहासिक सफर के बाद पहली अंतरराष्ट्रीय सीरीज होगी।
जिम्बाब्वे ने आखिरी बार 2022 में बांग्लादेश की मेजबानी की थी। उस दौरे पर जिम्बाब्वे वनडे और टी20 सीरीज में 2-1 से विजयी रही थी। पिछले साल बांग्लादेश में हुई दो टेस्ट मैचों की सीरीज में भी दोनों टीमें आमने-सामने थीं। यह सीरीज 1-1 से बराबर रही थी। जिम्बाब्वे ने पहले मैच में तीन विकेट से जीत हासिल की थी – यह चार साल में टेस्ट क्रिकेट में उसकी पहली जीत थी।
दौरे की शुरुआत 28 जून से 2 जुलाई तक हरारे स्पोर्ट्स क्लब में होने वाले टेस्ट मैच से होगी। तीन वनडे मैच 6, 9 और 11 जुलाई को खेले जाएंगे। इसके बाद दोनों टीमें बुलावायो जाएंगी, जहां क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में 15, 17 और 19 जुलाई को टी20 सीरीज खेली जाएगी।
–आईएएनएस
पीएके