जैकी श्रॉफ ने जेनजी के बीच लोकप्रिय होने पर कहा, 'मैं उम्र नहीं, इंसानियत देखता हूं'


मुंबई, 22 मई (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता जैकी श्रॉफ पिछले कई दशकों से अपनी दमदार एक्टिंग और अलग अंदाज की वजह से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाए हुए हैं। 80 और 90 के दशक में अपनी फिल्मों से लोगों को दीवाना बनाने वाले जैकी श्रॉफ आज भी युवाओं के बीच उतने ही लोकप्रिय हैं। नई पीढ़ी के लोग भी उन्हें बेहद पसंद करते हैं। इस बीच आईएएनएस से बात करते हुए जैकी श्रॉफ ने इस लोकप्रियता के पीछे की वजह बताई है।

दरअसल, जैकी श्रॉफ इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो’ के प्रमोशन में काफी बिजी हैं। इसी दौरान, आईएएनएस ने इंटरव्यू के दौरान जब उनसे पूछा कि आखिर युवा पीढ़ी उनसे इतना जुड़ाव क्यों महसूस करती है, तो उन्होंने कहा, ”मैं खुद को हर इंसान के लिए खुला रखता हूं। मैं कभी किसी इंसान को उसकी उम्र के आधार पर नहीं आंकता। मेरे लिए कोई व्यक्ति 80 साल का हो या 8 साल का बच्चा, सब बराबर हैं। मैं हर किसी से उसी अपनापन और सम्मान के साथ मिलता हूं।”

उन्होंने आगे कहा, ”मैं लोगों की बातें ध्यान से सुनता हूं और अपनी जिंदगी के अनुभव भी साझा करता हूं। रिश्ते तभी मजबूत होते हैं, जब इंसान अपने मन को खुला रखे। किसी की उम्र नहीं, बल्कि उसकी इंसानियत और सोच मायने रखती है। यही वजह है कि मैं हर पीढ़ी के लोगों के साथ आसानी से घुलमिल जाता हूं।”

जैकी श्रॉफ ने कहा, ”हर इंसान के पास सीखने के लिए कुछ न कुछ जरूर होता है। इसलिए मैं खुद को कभी किसी से बड़ा या ज्यादा समझदार नहीं मानता। मेरी लोगों को सलाह है कि दूसरों को खुले दिल से अपनाओ और हर किसी का सम्मान करो।”

बातचीत के दौरान जैकी श्रॉफ ने अपनी फिल्म ‘द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो’ के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा, ”फिल्म में निभाया गया मेरा किरदार मेरे दिल के बेहद करीब है। फिल्म में मैं एक ऐसे दादाजी की भूमिका निभा रहा हूं, जो अपने पोते के साथ दोस्त जैसा रिश्ता रखते हैं। असल जिंदगी में भी वह बच्चों से बिल्कुल दोस्त की तरह बात करते हैं और उनके साथ किसी तरह का जेनरेशन गैप महसूस नहीं करते।”

उन्होंने कहा, ”इस फिल्म को करने के पीछे कई वजहें थीं, लेकिन सबसे बड़ी वजह इसकी अलग और नई कहानी थी। हिंदी सिनेमा में इससे पहले सुपरहीरो दादाजी जैसा कॉन्सेप्ट देखने को नहीं मिला था। यही नई सोच मुझे फिल्म की ओर खींच लाई।”

जैकी ने खास तौर पर दादा और पोते के रिश्ते को फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जहां लोग पीढ़ियों के बीच दूरी की बात करते हैं, वहीं यह फिल्म दिखाती है कि प्यार, दोस्ती और अपनापन हर उम्र की दीवार को तोड़ सकता है।

फिल्म ‘द ग्रेट ग्रैंड सुपहीरो’ 29 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

–आईएएनएस

पीके/एबीएम


Show More
Back to top button