ऑस्ट्रेलिया से वनडे सीरीज में भिड़ने के लिए पाकिस्तान टीम का ऐलान, बाबर-रऊफ की वापसी


नई दिल्ली, 22 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान की 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। शाहीन अफरीदी के हाथों में टीम की कमान सौंपी गई है।

कंगारू टीम के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए कई स्टार खिलाड़ियों की वापसी हुई है। बाबर आजम, शादाब खान, नसीम शाह और हैरिस रऊफ को टीम में शामिल किया गया है। वहीं, बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में पाकिस्तान टीम का हिस्सा नहीं रहे सूफियान मुकीम को भी टीम में जगह दी गई है। पाकिस्तान के लिए टी20 इंटरनेशनल में खेल चुके अहमद दानियाल, अराफात मिन्हास और रोहेल नजीर को पहली बार वनडे टीम में भी मौका दिया गया है।

पीसीबी के बयान के अनुसार, बीमारी की वजह से उस्मान खान सिलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं थे। मुहम्मद गाजी घोरी और नजीर को दो विकेटकीपर के तौर पर टीम में रखा गया है। पाकिस्तान की टीम शुक्रवार को ट्रेनिंग कैंप के लिए इस्लामाबाद में एकजुट होगी। पूरी तरह से फिट न होने की वजह से फखर जमां और सैम अयूब चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं और वह पीसीबी की मेडिकल टीम की निगरानी में अपना रिहैब पूरा कर रहे हैं।

ऑस्ट्रेलिया की टीम 23 मई को पाकिस्तान पहुंचेगी। तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत 30 मई से होगी। सीरीज का पहला मुकाबला रावलपिंडी में खेला जाएगा। वहीं, दूसरा वनडे 2 जून और तीसरा और अंतिम मुकाबला 4 जून को लाहौर में खेला जाना है। पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच आखिरी बार द्विपक्षीय शृंखला साल 2024 में खेली गई थी, जहां पाकिस्तान ने 22 साल बाद सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया था। ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान का आखिरी बार दौरा 2022 में किया था और इस सीरीज को भी पाकिस्तान ने 2-1 से जीता था।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान स्क्वॉड

शाहीन शाह अफरीदी (कप्तान), सलमान अली आगा (उपकप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, अहमद दानियाल, अराफात मिन्हास, बाबर आजम, हारिस रऊफ, माज सदाकत, मुहम्मद गाजी गोरी (विकेटकीपर), रोहेल नजीर (विकेटकीपर), नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, शादाब खान, शमील हुसैन और सुफियान मोकिम।

–आईएएनएस

एसएम/एएस


Show More
Back to top button