वैश्विक संकट में पीएम मोदी का नेतृत्व सर्वश्रेष्ठ : मुख्तार अब्बास नकवी


नई दिल्ली, 17 मई (आईएएनएस)। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने रविवार को ईंधन मूल्यवृद्धि को लेकर वैश्विक संकट का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की है।

नकवी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “इस वक्त पूरी दुनिया में वैश्विक संकट का दौर है। ऐसे समय में एक स्टेबल सरकार और निर्णायक नेतृत्व चाहिए, जो प्रधानमंत्री मोदी के पास है। भारत ने हमेशा संकटमोचन की भूमिका निभाई है। वैश्विक संकट बिना बुलाए मेहमान की तरह आता है, लेकिन इसका समाधान भी होगा। क्षणिक चुनौतियों पर हम जीत दर्ज करेंगे।”

समाजवादी पार्टी के एक नेता द्वारा प्रधानमंत्री मोदी की ईंधन बचत की अपील पर की गई टिप्पणी कि एक की जगह पांच गाड़ियों का काफिला इस्तेमाल करेंगे, पर मुख्तार अब्बास नकवी ने तीखा जवाब दिया।

उन्होंने कहा, “मैंने यह इसलिए कहा था क्योंकि कुछ लोगों की सोच बेहद नकारात्मक है और इसका कोई इलाज नहीं है। उनकी इसी नकारात्मकता की वजह से उनका पतन हो रहा है। अगर वे इसी तरह बेतुके और शेखी भरे बयान देते रहे, तो आने वाले उत्तर प्रदेश चुनावों में उन्हें भारी हार का सामना करना पड़ेगा।”

मुख्तार अब्बास नकवी ने भाजपा के संगठनात्मक विस्तार पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा प्रशिक्षण अभियान भाजपा के अंदर चल रहा है। देशभर में यह कार्यक्रम हो रहा है।

उन्होंने कहा, “कार्यकर्ताओं की मेहनत ने भाजपा को ग्राउंड जीरो का ग्लोबल हीरो बनाया है। पार्टी सुशासन और समावेशी सशक्तिकरण का वैश्विक ब्रांड बन चुकी है। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की करीब 78 प्रतिशत आबादी भाजपा के सुशासन के नीचे है और 22 राज्यों में भाजपा और एनडीए की सरकारें हैं।”

नकवी ने जोर देकर कहा कि भाजपा राष्ट्र निर्माण के लिए लगातार काम करती है और आगे भी करती रहेगी। पार्टी का विस्तार भारत के विकास के साथ सीधे जुड़ा हुआ है।

–आईएएनएस

एससीएच


Show More
Back to top button