सेपक टाकरा वर्ल्ड कप: मलेशिया के खिलाफ हार के बावजूद क्वार्टर फाइनल में पहुंचा भारत

कुआलालंपुर, 17 मई (आईएएनएस)। भारतीय पुरुष टीम ने रविवार को ग्रुप-सी के मुकाबले में मेजबान मलेशिया से हार के बावजूद, ‘मेंस क्वाड्रेंट’ में टॉप पर रहने के साथ ‘सेपक टाकरा वर्ल्ड कप 2026’ के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
रविवार को मलेशिया की राजधानी में जारी वर्ल्ड कप में एशियन चैंपियन भारत अपने आखिरी लीग मैच में साउथ कोरिया और सिंगापुर के खिलाफ दो जीत के साथ उतरा था। वहीं, सिंगापुर पर जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत करने के बाद मलेशिया को पिछले मुकाबले में साउथ कोरिया से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन मेजबान टीम की चौकड़ी ने जोरदार वापसी करते हुए भारत के खिलाफ ‘करो या मरो’ वाला मैच 2-1 से जीता। इसी के साथ मलेशिया ने ‘अंतिम-8’ में अपनी जगह पक्की कर ली।
भारतीय टीम में राम कुमार शर्मा, युनाम आकाश, बॉबी कुमार और सोरोखैबम मालेमंगनबा सिंह शामिल थे, जबकि मुहम्मद अफीफुद्दीन मोहम्मद रजाली, मुहम्मद शाहल्रिल ऐमन हलीम, अमीरुल जजवान अमीर और ऐदिल ऐमन अजवावी के साथ मलेशियाई टीम इस मैच में उतरी थी।
भले ही स्टेडियम टिटिवांगसा में मलेशियाई टीम को दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिला, लेकिन भारतीय टीम ने मलेशियाई टीम के खिलाफ पहला सेट जीतकर जोरदार शुरुआत की।
भारतीय खिलाड़ियों ने मैच की शुरुआत में ही ऐदिल की एक ‘सर्विस’ की गलती का फायदा उठाया, जिससे मलेशियाई टीम की लय बिगड़ गई और भारत ने पहला सेट 15-13 से अपने नाम किया।
दूसरे सेट में दोनों टीमों के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिला, जहां दोनों टीमें एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दे रही थीं। आखिरकार मलेशिया ने भारत को 17-15 से हराकर मैच को निर्णायक सेट तक पहुंचा दिया। इस सेट में मेजबान टीम पूरी तरह हावी रही और 15-10 से जीत दर्ज करके मैच अपने नाम कर लिया। ग्रुप-सी के एक अन्य मैच में, साउथ कोरिया ने सिंगापुर को 2-0 से शिकस्त दी।
मलेशिया, भारत और साउथ कोरिया ने दो-दो जीत दर्ज कीं और उनके अंक बराबर रहे, लेकिन भारत और मलेशिया अपने बेहतर ‘गेम प्वाइंट्स’ के आधार पर क्वार्टर फाइनल में पहुंचे। कुल मिलाकर, भारत ग्रुप विजेता रहा, जबकि मलेशिया उपविजेता रहा। भारतीय टीम ने साउथ कोरिया को 2-1 से और सिंगापुर को 2-0 से हराया था।
–आईएएनएस
आरएसजी