विराट कोहली ने साबित कर दिया कि पुरानी पीढ़ी अभी भी बेस्ट है : सुनील गावस्कर


नई दिल्ली, 14 मई (आईएएनएस)। भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने विराट कोहली की तारीफ की है। विराट ने बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 105 रनों की नाबाद पारी खेली और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को इस सीजन की आठवीं जीत दिलाई।

कोहली ने अपना शतक सिर्फ 58 गेंदों में पूरा किया। अपनी इस पारी में कोहली ने 11 चौके और 3 छक्के लगाए। विराट ने टी-20 क्रिकेट में यह 10वां शतक लगाया। इसके साथ ही आईपीएल में रनों का पीछा करते हुए कोहली अब संयुक्त रूप से सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

सुनील गावस्कर ने ‘जियोस्टार’ से बात करते हुए कहा कि अनुभवी बल्लेबाज ने एक बार फिर दिखाया कि इस सीजन में युवा स्टार्स पर बढ़ती स्पॉटलाइट के बावजूद वह इस खेल के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक क्यों हैं। गावस्कर ने कहा, “केकेआर के खिलाफ विराट कोहली बिल्कुल शानदार थे। उन्हें पता है कि चेज को बेहतर कैसे बनाया जाता है। जब टी20 शतक की बात आती है, तो वह 10 सेंचुरी के साथ क्रिस गेल और बाबर आजम के बाद लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। हालांकि, वह सबसे तेज़ 14,000 टी-20 रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं और उनके नाम 9 आईपीएल शतक हैं। रिकॉर्ड तो टूटने के लिए होते हैं, लेकिन कोहली जो करते रहते हैं, मैच दर मैच, सीजन दर सीजन, उसकी बराबरी करने में किसी को बहुत लंबा समय लगेगा।”

पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने आगे कहा, “जब हर कोई इस बारे में बात कर रहा था कि यह जेन नेक्स्ट (अगली पीढ़ी) का सीजन है, तो कोहली ने दिखाया कि वह अभी भी हैं। उन्होंने शतक लगाकर शक करने वालों को चुप करा दिया और ऑरेंज कैप की रेस में तीसरे नंबर पर आ गए। उन्होंने साबित कर दिया कि पुरानी पीढ़ी अभी भी बेस्ट है। भले ही युवा स्टार्स सेंटर स्टेज पर आ रहे हैं, लेकिन अनुभवी महान खिलाड़ी अभी खत्म नहीं हुए हैं। विराट कोहली का यह शतक उन खास पलों में से एक था जो हमें उनकी महानता की याद दिलाता है।”

कोहली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए देवदत्त पडिक्कल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 59 गेंदों में 92 रन जोड़े, जिसके बूते रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से मिले 193 रनों के लक्ष्य को 19.1 ओवर में सिर्फ 4 विकेट खोकर हासिल करने में सफल रही।

–आईएएनएस

एसएम/पीएम


Show More
Back to top button