पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने पर बोले केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान- जितना संभव हो सका स्थिति नियंत्रित की गई

पटना, 23 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान ने वैश्विक हालातों के चलते बढ़ती तेल की कीमतों को लेकर केंद्र सरकार का बचाव किया। उन्होंने स्वीकार किया कि मौजूदा हालात आम इंसान के लिए चुनौतीपूर्ण हैं और सरकार इस मुश्किल से निपटने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
चिराग पासवान ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी पर आईएएनएस से बातचीत में कहा, “निश्चित रूप से, मैं पूरी विनम्रता के साथ इस बात को स्वीकार करता हूं कि कहीं न कहीं यह जनता और आम लोगों के लिए चिंता का विषय है। कीमतें निश्चित रूप से बढ़ी हैं।”
उन्होंने कहा कि फिलहाल जिस तरह के वैश्विक हालात हैं और जिस तरह की वैश्विक चुनौतियां न केवल भारत, बल्कि दुनिया के हर देश को प्रभावित कर रही हैं, यह उसी का नतीजा है। हालांकि, मेरी सरकार और मेरे प्रधानमंत्री ने जितना संभव हो सका और जब तक संभव हो सका, स्थितियों को नियंत्रण में रखने की पूरी कोशिश की है।
चिराग ने कहा कि अगर अमेरिका, इजरायल और ईरान साथ बैठकर समझौता कर लें, तो परिस्थितियां सामान्य हो सकती हैं। सरकार की ओर से ये फैसले तभी लिए जा रहे हैं, जब हालात नियंत्रण से बाहर होने लगते हैं। चिराग पासवान ने कहा कि हर किसी को पता है कि अगर वैश्विक चुनौतियां इसी तरह बनी रहीं, तो स्थिति और जटिल हो सकती है। कौन सी सरकार नहीं चाहती कि चीजें बेहतर तरीके से चलती रहें।
बिहार में एनकाउंटर पर तेजस्वी यादव के बयान को लेकर चिराग पासवान ने कहा कि आतंकी और अपराधियों की न कोई जाति होती है और न कोई धर्म। आज के युवा नेता भी अगर उसी तरह की राजनीति करेंगे, जो पिछले दशकों से राजनीतिक दलों की ओर से होती रही है, जहां जात-पात, धर्म और मजहब के आधार पर लोगों को बांटने का प्रयास किया गया है, तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
चिराग ने कहा कि अगर अपराधियों में भी जाति देखी जाएगी, तो यह सोच गलत है। बिहार को अपराधमुक्त बनाना है। बिहार लंबे समय तक जंगलराज से प्रभावित रहा है और पिछड़ा है। ऐसे में हर अपराधी, चाहे वह किसी भी जाति या धर्म से आता हो, उसे चुन-चुनकर सजा दी जाएगी।
–आईएएनएस
एसडी/एएस