बेंगलुरु: मृत मरीज की गायब घड़ी को लेकर अस्पताल ने जारी किया स्पष्टीकरण, आरोपों से किया इनकार

बेंगलुरु, 22 मई (आईएएनएस)। फोर्टिस अस्पताल, नगरभावी ने सामाजिक कार्यकर्ता के. रामैया के इलाज के दौरान उनकी महंगी राडो घड़ी (करीब 1.80 लाख रुपये) और आधी आस्तीन वाला स्वेटर कथित रूप से गायब होने के आरोपों से इनकार किया है। अस्पताल प्रशासन ने शुक्रवार को इस संबंध में स्पष्टीकरण जारी किया।
यह स्पष्टीकरण तब आया जब रामैया की बेटी अनीता रामैया ने एक वीडियो जारी कर अपने पिता की घड़ी लौटाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह घड़ी भावनात्मक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है और उनके पिता की आखिरी यादों में से एक है।
गोविंदराजनगर पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अपने बयान में फोर्टिस अस्पताल, नगरभावी ने दिवंगत के. रामैया के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि उसने मामले की आंतरिक जांच की है तथा उपलब्ध सभी जानकारी परिवार और पुलिस के साथ साझा की है।
अस्पताल के अनुसार, 15 जनवरी 2026 को शव सौंपे जाने के समय परिवार की ओर से किसी भी कीमती सामान के गायब होने की शिकायत नहीं की गई थी।
अस्पताल ने कहा, ”घड़ी और आधी स्वेटर के गायब होने की औपचारिक शिकायत दो महीने से अधिक बाद, 24 अप्रैल 2026 को दी गई थी, तब तक अस्पताल की 30 दिन की सीसीटीवी डेटा रिटेंशन नीति के अनुसार रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था।”
अस्पताल ने आगे बताया कि शिकायत में देरी के बावजूद उसने आंतरिक जांच की, उपलब्ध रिकॉर्ड की पुष्टि की और जांच एजेंसियों को आवश्यक जानकारी दी।
फोर्टिस अस्पताल ने यह भी कहा कि रामैया इसके पहले किसी अन्य स्वास्थ्य संस्थान में भी गए थे, उसके बाद उन्हें नगरभावी स्थित फोर्टिस अस्पताल लाया गया था।
अस्पताल ने कहा कि मामला फिलहाल पुलिस जांच के अधीन है और वह पूरी तरह सहयोग कर रहा है। साथ ही उसने कहा कि उसकी ओर से अभी कोई लंबित जानकारी या कार्रवाई नहीं है।
अस्पताल ने ”अनुमानित और बिना पुष्टि वाले आरोपों” से बचने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे दावे मानहानि के हो सकते हैं।
इससे पहले अनीता रामैया ने अपनी शिकायत में कहा था कि उनके पिता 15 जनवरी को गंभीर स्वास्थ्य समस्या के बाद अचानक बेहोश हो गए थे और उन्हें एक अन्य निजी अस्पताल द्वारा प्राथमिक उपचार देने से इनकार किए जाने के बाद फोर्टिस अस्पताल लाया गया था।
उन्होंने बताया कि उस समय उनके पिता के पास राडो घड़ी और आधी आस्तीन का स्वेटर था, लेकिन जब उनकी मृत्यु हो गई तो ये दोनों चीजें गायब थीं।
शुक्रवार को जारी वीडियो में अनीता ने कहा कि उन्होंने कई बार अस्पताल और पुलिस से जांच और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा, ”मुझे बस अपने पिता की घड़ी वापस चाहिए। यह कीमत की बात नहीं है, यह यादों की बात है। मैं अभी भी अपने पिता की मौत के सदमे से उबर नहीं पाई हूं।”
पुलिस ने कहा कि मामले की आगे जांच जारी है।
–आईएएनएस
एएमटी/डीएससी