मुरादाबाद : प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या, युवती के दो भाई गिरफ्तार


लखनऊ, 11 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के सोनकपुर थाना क्षेत्र से प्रेम प्रसंग में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस के अनुसार, युवती के दो भाइयों ने अपनी बहन के प्रेमी की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर शव को जंगल में फेंक दिया।

मृतक की पहचान चमन के रूप में हुई है। घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक चमन का युवती से प्रेम संबंध था।

बताया जा रहा है कि बीते रविवार को वह अपनी प्रेमिका को साथ लेकर जाने की फिराक में था। इसी दौरान युवती के परिजनों को इसकी भनक लग गई। आरोप है कि युवती के दोनों भाइयों ने चमन को पकड़ लिया और उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी शव को जंगल में फेंककर फरार हो गए।

शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह घटना सोनकपुर थाना क्षेत्र की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

प्रेम प्रसंग से जुड़ी इस वारदात ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से गहनता से जांच कर रही है। वहीं, मामले को लेकर एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि थाना सोनकपुर में बुधवार को एक युवक का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। युवक की पहचान करने के बाद उसके चाचा से बात कर सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि युवक का उसकी प्रेमिका के भाइयों से विवाद हुआ था, जिसके बाद उन दोनों ने इसकी हत्या कर दी। मामले में आगे की विधिवत कार्रवाई जारी है।

–आईएएनएस

डीके/एबीएम


Show More
Back to top button