लखनऊ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: भर्ती परीक्षा में दूसरे अभ्यर्थी की जगह बैठा युवक गिरफ्तार


लखनऊ, 11 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में लखनऊ पुलिस ने एक सॉल्वर को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी युवक ने दो अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दी थी। उसने अपना गुनाह भी कबूल किया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी युवक मथुरा जिले के नंगला शीशराम का रहने वाला है, जिसकी पहचान राम अवतार के रूप में हुई। उसे लखनऊ के कैसरबाग थाना क्षेत्र में गिरफ्तार किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी बुधवार को ठाकुरदास इंटर कॉलेज में अपनी परीक्षा दे रहा था। तकनीकी टीम के प्रदीप कुमार ने बताया कि राम अवतार ने 8 जून को नाका हिंडोला स्थित खालसा इंटर कॉलेज में भी परीक्षा दी थी। आरोपी ने स्वीकार किया कि 8 जून को उसने मथुरा निवासी दोस्त वीरू के स्थान पर परीक्षा दी थी।

आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज कर लिया है। वहीं, जांच में आरोपी के पास से कथित तौर पर परीक्षा से संबंधित कुछ दस्तावेज भी मिले हैं। साथ ही, पुलिस टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने और कितनी बार परीक्षा दी व उसे कितने रुपए मिले।

बता दें कि इस पर परीक्षा केंद्रों पर खास सख्ती बरती गई। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून को आयोजित की गई। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड (यूपीपीआरपीबी) के अनुसार, इस भर्ती प्रक्रिया के लिए कुल 28,86,797 उम्मीदवारों ने आवेदन किया।

परीक्षा के आयोजन के लिए अधिकारियों ने राज्य के 75 जिलों में 1,183 परीक्षा केंद्र बनाए थे। परीक्षा हर दिन दो पालियों (शिफ्ट) में आयोजित की गई। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक हुई, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चली।

–आईएएनएस

डीसीएच/


Show More
Back to top button