'है जवानी तो इश्क होना है' को लेकर चर्चाओं पर टिप्स ने जारी किया बयान, 'हमारी फिल्म पूरी तरह ओरिजिनल है'

मुंबई, 16 मई (आईएएनएस)। बॉलीवुड में कई बार फिल्मों की कहानी, गाने या कॉपीराइट को लेकर निर्माता कंपनियों के बीच टकराव देखने को मिलता है। इन दिनों अभिनेता वरुण धवन की आने वाली फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ भी चर्चा में बनी हुई है।
फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें सामने आ रही हैं। इसी बीच फिल्म बनाने वाली कंपनी टिप्स इंडस्ट्रीज ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इन चर्चाओं पर अपनी सफाई दी है। कंपनी ने कहा है कि यह फिल्म पूरी तरह नई और ओरिजिनल कहानी पर आधारित है और इसका किसी दूसरी फिल्म से कोई संबंध नहीं है।
शनिवार सुबह टिप्स इंडस्ट्रीज की तरफ से इंस्टाग्राम पर एक पब्लिक नोटिस जारी किया गया। इस नोटिस में कहा गया, ”कंपनी को यह जानकारी मिली है कि फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ को लेकर फिल्म व्यापार से जुड़े लोगों और आम जनता के बीच कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। निर्माता रमेश तौरानी, निर्देशक डेविड धवन और फिल्म की पूरी टीम यह स्पष्ट करना चाहती है कि फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले पूरी तरह नए हैं। यह किसी दूसरी फिल्म की नकल नहीं है और इसका किसी अन्य प्रोजेक्ट से कोई मेल नहीं है।”
कंपनी ने अपने बयान में कहा, ”फिल्म को बनाने में पूरी टीम ने दिल से मेहनत की है। यह एक मनोरंजन से भरपूर पारिवारिक फिल्म है, जिसे दर्शकों के लिए खास तरीके से तैयार किया गया है। लोगों से अपील है कि 5 जून को सिनेमाघरों में फिल्म देखने जरूर जाएं। पूरी टीम दर्शकों का स्वागत करने के लिए उत्साहित है और हमें उम्मीद है कि लोगों को फिल्म पसंद आएगी।”
यह पब्लिक नोटिस ऐसे समय में आया है, जब टिप्स म्यूजिक लिमिटेड और पूजा एंटरटेनमेंट के बीच कानूनी विवाद भी चर्चा में बना हुआ है। दरअसल, निर्माता वाशु भगनानी की कंपनी पूजा एंटरटेनमेंट ने बिहार की एक अदालत में मामला दर्ज कराया है। कंपनी का आरोप है कि उनकी फिल्मों, गानों और दूसरे कॉपीराइट वाले कंटेंट का इस्तेमाल बिना अनुमति के किया जा रहा है। इस कंटेंट का व्यावसायिक फायदा उठाया जा रहा है।
इन आरोपों के बाद टिप्स म्यूजिक लिमिटेड ने भी अपनी तरफ से बयान जारी किया। कंपनी ने कहा, ”हमें बिहार के कटिहार स्थित सिविल जज की अदालत में दायर इस मामले की जानकारी मिल चुकी है। अदालत के आदेश की आधिकारिक कॉपी का अभी इंतजार किया जा रहा है। हम बताना चाहते हैं कि जिन म्यूजिक राइट्स को लेकर विवाद हो रहा है, उनके कानूनी अधिकार पूरी तरह कंपनी के पास हैं।”
टिप्स ने दावा किया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से वैध और कानूनी समझौते मौजूद हैं। वह करीब 30 साल से इन अधिकारों का पूरी कानूनी प्रक्रिया के तहत इस्तेमाल कर रही है। इसलिए उन पर लगाए जा रहे आरोप गलत हैं। यह छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हैं।
–आईएएनएस
पीके/एएस