कल्ट-क्लासिक फ्रैंचाइजी की तीसरी किस्त 'वेलकम टू द जंगल' से सुनील शेट्टी का पहला लुक जारी


मुंबई, 16 मई (आईएएनएस)। मल्टी-स्टारर कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ दर्शकों को हंसाने के लिए तैयार है। यह कल्ट-क्लासिक ‘वेलकम’ फ्रैंचाइजी की तीसरी किस्त है, जो अपनी शानदार कॉमेडी, एक्शन और ड्रामा के लिए जानी जाती है।

शनिवार को अभिनेता सुनील शेट्टी ने इंस्टाग्राम पर अपना पहला लुक पोस्ट किया। तस्वीर में सुनील शेट्टी काफी स्टाइलिश अंदाज में नजर आ रहे हैं। गहरे रंग के सूट पहने हुए अभिनेता हाथों में काला चश्मा लेकर शानदार पोज देते नजर आ रहे हैं। वहीं, तस्वीर का बैकग्राउंड किसी घने जंगल के सेट जैसा है, जहां अभिनेता आत्मविश्वास के साथ चलते हुए दिखाई दे रहे हैं।

तस्वीर पोस्ट कर अभिनेता ने लिखा, “इस जंगल में…अफरातफरी ही ड्रेस कोड है। ‘वेलकम टू द जंगल,’ अफरातफरी 26 जून से शुरू होगी।” सुनील शेट्टी की पोस्ट ने उनके प्रशंसकों के बीच काफी उत्साह जगा दिया है। अभिनेता राहुल देव समेत कई कलाकारों ने कमेंट सेक्शन पर प्रतिक्रिया भी दी।

फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। इसमें सुनील के साथ कई शानदार कलाकार भी नजर आएंगे। वहीं, फिल्म में अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी की नोकझोंक एक बार फिर उसी कॉमिक अंदाज में देखने को मिलेगी।

शुक्रवार को ही फिल्म के मेकर्स ने टीजर रिलीज किया था, जिसने दर्शकों को नोस्टेल्जिया का एहसास कराया है क्योंकि इसमें सुनील शेट्टी और अक्षय के साथ रवीना भी नजर आईं। हालांकि, फिल्म में रवीना की कोई खास झलक देखने को नहीं मिली थी।

बता दें कि कॉमेडी ड्रामा फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ का निर्देशन अहमद खान ने किया है। यह फिल्म ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी का तीसरा भाग है। इसमें अक्षय कुमार मुख्य भूमिका में हैं, जो अपने आइकॉनिक अंदाज में वापसी कर रहे हैं। उनकी इस फिल्म में बड़ी स्टारकास्ट शामिल है, जिसमें अक्षय के अलावा सुनील शेट्टी, परेश रावल, अरशद वारसी, रवीना टंडन, जैकी श्रॉफ, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडीज, राजपाल यादव, जॉनी लीवर समेत कई कलाकार नजर आएंगे। साजिद नाडियाडवाला और स्टार स्टूडियोज द्वारा निर्मित फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

–आईएएनएस

एनएस/पीएम


Show More
Back to top button