अमेरिका और ब्रिटेन की महिलाओं के नाम पर फर्जी आईडी बनाकर ठगता था नाइजीरियाई नागरिक, गिरफ्तार

लखनऊ, 16 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने शनिवार को एक ऐसे शख्स को दक्षिण दिल्ली से गिरफ्तार किया है, जो सोशल मीडिया पर अमेरिका और ब्रिटेन के महिलाओं के नाम की फर्जी आईडी बनाकर भारतीय पुरुषों को ठगता था। आरोपी के पास तीन मोबाइल और चार सिम कार्ड बरामद किए गए।
आरोपी की पहचान उचनेवा के रूप में हुई है। वो मूल रूप से नाइजीरिया का रहने वाला है, जो पिछले लंबे समय से इस तरह के कृत्य में संलिप्त था। अब तक वो फर्जी आईडी का सहारा लेकर कई लोगों को ठग भी चुका है। उसे दक्षिण दिल्ली से गिरफ्तार कर फौरन लखनऊ के दरियागंज थाने में ले जाया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अमेरिका और ब्रिटेन की महिलाओं के नाम की पहले सोशल मीडिया पर आईडी बनाता था। इसके बाद भारतीय पुरुषों से संपर्क साधने के बाद उन्हें अपनी ओर लुभाने की कोशिश करता था। इसके बाद जब कोई व्यक्ति उसके झांसा में फंस जाता, तो वो उनसे कहता था कि मैं भारत आकर आपसे मुलाकात करूंगा, लेकिन इससे पहले मुझे आपसे पैसे और कुछ उपहार चाहिए। भारत आने पर वो उनसे मिलने का बहाना था।
जानकारी के मुताबिक इस पूरी प्रक्रिया के तहत वो भारतीय पुरुषों को ही ठगने का काम करता था। अब पुलिस ने उसे दक्षिण दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब उससे इस बारे में पूरी जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी साल 2010 में भारत में कपड़े का बिजनेस करने के लिए आया था, लेकिन उसे जब इसमें कोई अपेक्षित लाभ नहीं मिला, तो उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर सोशल मीडिया पर अमेरिका और ब्रिटेन की महिलाओं के नाम का फर्जी अकाउंट बनाकर भारतीयों पुरुषों को ठगने का प्लान बनाया।
आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसके कुछ साथी सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर भारतीय पुरुषों से पैसे ऐंठने का काम कर रहे हैं। इतना ही नहीं आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि साल 2020 में मध्य प्रदेश पुलिस ने उसे इसी मामले में गिरफ्तार किया था। इस मामले में वो चार साल तक जेल में भी रहा।
इसके बाद जब आरोपी और उसके अन्य साथियों ने लखनऊ के एक युवक से सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर पैसे ऐंठने का प्लान बनाया, तब जाकर इस पूरे मामले का खुलासा हुआ और अब उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया ।
दरअसल, लखनऊ वाले मामले में आरोपी और उसके साथियों ने सोशल मीडिया पर विलियम डेविस के नाम का सोशल मीडिया अकाउंट बनाया था। इसके बाद लखनऊ के डालीगंज के एक युवक से दोस्ती कर उसे प्रेम जाल में फंसाने का काम किया। इसके बाद सितंबर 2025 में युवक से कहा गया है कि विलियम डेविस आपके लिए तीन करोड़ पाउंड लेकर आई है, लेकिन, इसे प्राप्त करने के लिए पहले आपको 61,500 रुपए जमा कराने होंगे।
इसके बाद कुछ न कुछ बहाने बनाकर युवक से कुल 28 लाख रुपए ले लिए गए। यह पूरी प्रक्रिया जनवरी 2026 तक चलती रही, लेकिन युवक को एक रुपया भी वापस नहीं मिला। इसके बाद युवक ने इस पूरे मामले की शिकायत लखनऊ थाने में दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस की जांच के बाद यह पूरा मामला प्रकाश में आया है। फिलहालृ, पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि इसमें कौन से लोग शामिल हैं।
–आईएएनएस
एसएचके/