केंद्र सरकार के 12 साल: बरेली में जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दे रही तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी


बरेली, 18 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के राज्यसभा सांसद राधामोहन दास अग्रवाल ने कलेक्ट्रेट परिसर में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकास, सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण विषयक विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन फीता काटकर कर किया गया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारियों द्वारा प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया और सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेकर कार्यक्रम की शुरुआत की।

राज्यसभा सांसद ने सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा आयोजित विकास प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि प्रदर्शनी में केंद्र सरकार के 12 वर्षों तथा राज्य सरकार के 9 वर्षों की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने जनपद वासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन कर शासन की विभिन्न योजनाओं, नीतियों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त करें तथा उनका लाभ उठाएं।

यह प्रदर्शनी 18 से 20 जून 2026 तक आमजन के लिए खुली रहेगी, जहां आम जनमानस केंद्र एवं प्रदेश सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

प्रदर्शनी के माध्यम से बताया गया है कि पुलिस भर्ती में महिलाओं के लिए 20 प्रतिशत पद आरक्षित किए गए। वर्तमान में 44000 से अधिक महिलाएं उत्तर प्रदेश पुलिस का हिस्सा है, 1694 थानों में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, सरकार ने अपराध और अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाकर बेहतर कानून व्यवस्था की मिसाल स्थापित की है।

वर्ष 2017 से अब तक पुलिस के विभिन्न पदों पर 2,19,000 से अधिक नियुक्तियां की गई, वर्ष 2017 से अब तक माध्यमिक शिक्षा के विभिन्न पदों पर 53,899 से अधिक भारतीय की गई, इसके साथ ही वर्ष 2017 से अब तक उच्च शिक्षा के विभिन्न पदों पर 6760 भर्तियां की गई।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत 3.12 करोड़ किसानों को लाभान्वित किया गया, जिसके तहत 99 हजार करोड़ से अधिक खातों में धनराशि अंतरित की गई, पीएम कुसुम योजना के अंतर्गत 86000 से अधिक सोलर पंप की स्थापना की गई और कृषकों को 90 प्रतिशत तक सब्सिडी दी गई, गन्ना भुगतान के अंतर्गत गन्ना किसानों को 3.22 लाख करोड़ का रिकॉर्ड भुगतान किया गया, गन्ना मूल्य 315 से बढ़कर रुपए 400 प्रति कुंतल सरकार द्वारा किया गया, इसके साथ ही 27 नवीन मंडी स्थलों का आधुनिकरण, प्री अराइवल ई पास एवं डिजिटल पेमेंट की सुविधा भी मुहैया कराई गई।

एक जनपद एक उत्पन्न परियोजना के अंतर्गत प्रत्येक जनपद के पारंपरिक उत्पादों को विशेष पहचान दी गई, पारंपरिक कारीगरों हलवाइयों तथा छोटे उद्यमियों के रोजगार को विस्तार हेतु सुविधाएं प्रदान की गई, 20,000 से अधिक उद्यमियों को 903 करोड़ से अधिक की मार्जिन मनी वितरित की गई, 3 करोड़ से अधिक एमएसएमई एवं निजी क्षेत्र में रोजगार मुहैया कराया गया।

मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत बेटी के जन्म से शिक्षा तक विभिन्न चरणों में आर्थिक सहायता दी रही है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से 10.33 करोड़ महिलाओं को धुएं से मुक्ति प्रदान की गई।

प्रदर्शनी में बरेली की विकास परियोजनाओं का भी उल्लेख किया गया है, जिसमें बरेली में 300 बेड अस्पताल जो कि 74 करोड़ की लागत से निर्माण किया गया। सेतु निर्माण से बरेली में यात्रा सुगम हुई है, जिसके अंतर्गत 54.42 करोड़ की लागत से मिनी बाईपास मार्ग पर रेल ऊपरिगामी सेतु का निर्माण, बरेली-नैनीताल मार्ग पर रेल उपरिगामी सेतु का निर्माण जिससे बरेली-नैनीताल एवं कासगंज लाल कुआं की ओर आना-जाना आसान हुआ।

बरेली-बदायूं मार्ग स्थित लाल फाटक के पास रेल ऊपरिगामी सेतु का निर्माण, चौपुला चौराहा स्थित दिल्ली-लखनऊ मार्ग पर तीन लेन उपरिगामी सेतु का निर्माण, बरेली-बदायूं मार्ग पर पुराना बस अड्डा के लिए दो लाइन ऊपरिगामी सेतु का निर्माण किया गया।

तहसील बहेड़ी में 10.55 करोड़ से राजकीय महाविद्यालय का निर्माण एवं 10.58 करोड़ से राजकीय महाविद्यालय भदपुरा नवाबगंज का निर्माण किया गया, जिससे स्थानीय युवाओं और बेटियों के लिए उच्च शिक्षा पाना आसान हुआ। 73.25 करोड़ की लागत से बरेली में अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण अधकाटा नजराना, नवाबगंज में किया गया जिससे पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाएगी। 19.78 करोड़ की लागत से उमेदपुर भुता ,फरीदपुर में राजकीय पॉलिटेक्निक का निर्माण किया गया, जिससे ग्रामीण और छोटे शहरों के युवाओं के कौशल विकास के लिए तकनीकी शिक्षा प्रदान की जा सकेगी।

इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार, सांसद बरेली छत्रपाल गंगवार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, सदस्य विधान परिषद बहोरन लाल मौर्य, विधायक कैंट संजीव अग्रवाल, विधायक बिथरी चैनपुर डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, विधायक नवाबगंज एम.पी. आर्य, विधायक मीरगंज डॉ.डीसी वर्मा, बरेली जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, आंवला जिला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, आम जनमानस सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

–आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी


Show More
Back to top button