ईशान किशन की बल्लेबाजी देख लगता है, वह कभी टीम से बाहर ही नहीं गए: ग्रीम स्वान


नई दिल्ली, 18 जून (आईएएनएस)। भारत और अफगानिस्तान के बीच बुधवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में वनडे सीरीज का दूसरा मैच खेला गया था। टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए इस मैच में 79 गेंदों पर 7 छक्कों और 14 चौकों की मदद से 125 रन की पारी खेली थी। इंग्लैंड के स्पिनर ग्रीम स्वान ने ईशान किशन की प्रशंसा करते हुए कहा है कि उनमें मैच की स्थिति के मुताबिक खुद को ढालने की क्षमता है।

ग्रीम स्वान ने जियोस्टार पर कहा, “ईशान में टीम की मांग के हिसाब से किसी भी रोल में ढलने की अनोखी क्षमता है। वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो बिना किसी शिकायत के कोई भी काम करेंगे। वह टीम में वापस आ गए हैं, और ऐसा लग रहा है कि वह कभी बाहर नहीं गए। यह कमाल की बात है।”

स्वान ने कहा, “वह क्रीज पर आए और अपनी पहली फिफ्टी के लिए सावधान थे, लेकिन फिर 50 से 100 तक पहुंचने में सिर्फ 19 गेंदें लीं, जो कि अजीब है। यह कोई पागलपन वाली हिटिंग या स्लॉगिंग भी नहीं थी। वह बस समझदारी से काम ले रहे थे, लेग साइड पर अपनी जगहें चुन रहे थे, गेंदबाजों को अपनी लाइन बदलने पर मजबूर कर रहे थे, और फिर वे शानदार लॉफ्टेड एक्स्ट्रा-कवर ड्राइव खेल रहे थे। किशन की बल्लेबाजी में परिपक्वता दिखती है।”

उन्होंने कहा, “यह एकदम क्लास की निशानी है। लॉन्ग-ऑफ के बाहर का वह शॉट, कुछ ऐसा है जिस पर उन्होंने पिछले दो वर्षों में काम किया है। यह एक ऐसा क्षेत्र था जहां गेंदबाज उन्हें रोक सकते थे, लेकिन वह आगे बढ़े, इस पर काम किया और इसे अपनी ताकत बना लिया, जो शानदार है।”

ईशान किशन की लंबे समय बाद वनडे फॉर्मेट में अफगानिस्तान सीरीज से वापसी हुई है। धर्मशाला में खेले गए पहले वनडे में उन्होंने 22 गेंदों पर 34 रन बनाए थे। लखनऊ वनडे में उन्होंने 71 गेंदों पर शतक लगाया। किशन ने इस शतक से टी20 के बाद वनडे फॉर्मेट में भी अपनी जगह कहीं न कहीं पक्की कर ली है। देखना होगा, इंग्लैंड वनडे सीरीज में कोहली के वापस आने के बाद किसे भारतीय प्लेइंग इलेवन में उनके लिए जगह खाली करनी पड़ती है।

–आईएएनएस

पीएके


Show More
Back to top button