राम मंदिर दानपात्र गबन मामले की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई : महंत कमल नयन दास

अयोध्या, 11 जून (आईएएनएस)। महंत नृत्य गोपाल दास के उत्तराधिकारी और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मनोनीत अध्यक्ष महंत कमल नयन दास ने राम मंदिर के दानपात्र में हुए गबन पर अपनी बात रखी। उन्होंने इस मामले की जांच की मांग और इस बात पर जोर दिया कि जो भी इसमें दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।
उन्होंने गुरुवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि इस बात को लेकर सवाल खड़े होते हैं, जो लोग पहले साइकिल से चला करते थे, वे लोग आज महंगी-महंगी गाड़ियों से चल रहे हैं। अगर इस तरह की स्थिति पैदा हो रही है, तो जाहिर-सी बात है कि कई तरह के सवाल खड़े होते हैं और इसकी जांच होनी चाहिए, ताकि पूरी तस्वीर साफ हो सके।
महंत ने खुद के राम मंदिर के आंदोलन में शामिल होने को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि हम राम मंदिर के आंदोलन में शामिल रहे। इससे पहले भी हम कई तरह के आंदोलन में शामिल रहे। हमारा इन आंदोलन में शामिल होने की प्रमुख वजह सिर्फ राष्ट्र प्रेम है। हमने यह सब कुछ राष्ट्र प्रेम की भावना से ओतप्रोत होकर किया था। हमारे लिए हमेशा से ही राष्ट्र प्रेम सर्वोपरि था और आगे भी रहेगा। इसके साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होगा। हम आगे भी राष्ट्र प्रेम के लिए आगे रहेंगे और इससे संबंधित हर प्रकार की गतिविधियों में उत्साही मन के साथ हिस्सा लेंगे।
वहीं, राम मंदिर के चढ़ावे में गबन के आरोपों पर कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि इस मामले में जो भी शामिल होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री इस मामले में ढिलाई नहीं बरतेंगे, इस मामले में वो अपने सख्त रूख का परिचय देंगे।
उन्होंने आगे कहा कि हम अपनी तरफ से कोई बात नहीं कर रहे हैं। हम यह कह रहे हैं कि हर मामले की तथ्यात्मक जांच हो, ताकि कोई भी तथ्य छुपा नहीं रहे। हम खुद राम मंदिर के निर्माण भारी मात्रा में दान आए। कई चेक आए। चाहते तो रख सकते थे, लेकिन, हमने ऐसा नहीं किया। हमने यही चाहा कि राम मंदिर का निर्माण पूरी प्रतिबद्धता के साथ हो। हम कुल मिलाकर यही चाहते हैं कि इस पूरे मामले में तथ्यात्मक रूप से जांच हो और जांच के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाए। हमें पूरा विश्वास है कि गंभीरता के साथ जांच की प्रक्रियाओं को संपन्न किया जाएगा।
–आईएएनएस
एसएचके/वीसी