धरातल पर दिख रहा डबल इंजन सरकार का काम, जनता भाजपा को कर रही पसंद: केशव प्रसाद मौर्य

मुरादाबाद, 14 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को मुरादाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न विभागों द्वारा संचालित सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुरक्षा, आधारभूत संरचना, गरीब कल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत और निर्णायक शक्ति के रूप में उभरा है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “आजादी के बाद देश ने आतंकवाद, नक्सलवाद, उग्रवाद और सांप्रदायिक चुनौतियों का सामना किया, लेकिन वर्तमान सरकार ने इन समस्याओं से सख्ती से निपटने का काम किया है। अब भारत किसी भी आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार की नीति पूरी तरह स्पष्ट और दृढ़ है।”
महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में लगभग तीन करोड़ महिलाओं को विभिन्न योजनाओं से जोड़ने तथा एक करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है और इसके सकारात्मक परिणाम जल्द देखने को मिलेंगे।”
उपमुख्यमंत्री ने केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि विकास कार्यों की गति कई गुना बढ़ी है। वर्तमान सरकार ने सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी है, जबकि पिछली सरकारों में भ्रष्टाचार और परिवारवाद हावी था।
विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए मौर्य ने कहा कि जो दल वर्षों तक केवल वादों की राजनीति करते रहे, वे आज विकास कार्यों पर सवाल उठा रहे हैं। भाजपा सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि योजनाओं को धरातल पर उतारकर परिणाम भी देती है। इसी कारण जनता का विश्वास लगातार भाजपा और उसकी नीतियों के साथ बना हुआ है।
–आईएएनएस
एसएके/डीएससी