नई दिल्ली में आग का तांडव, राजस्व विभाग के अधिकारी ने कहा- होटलों की जांच की जा रही

नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)। दिल्ली के मालवीय नगर में बुधवार को आग की पचेट में आकर 21 लोगों की दर्दनाक मौत ने सबको झकझोर कर रख दिया है। अधिकारियों ने एक अन्य होटल को भी बंद करने का आदेश दिया है। वहां ठहरे लोगों को होटल खाली करने के लिए कहा गया है। इस भीषण हादसे पर प्रतिक्रिया सामने आ रही है।
अग्निकांड को लेकर राजस्व विभाग के मोहम्मद शमीम ने कहा कि हम यहां नोटिस जारी कर रहे हैं। हमारे क्षेत्र के वे सभी होटल जो राजस्व विभाग के अंतर्गत आते हैं, एसडीएम मालवीय नगर के अधिकार क्षेत्र में आने वाले होटलों की जांच की जा रही है। हम यह जांच कर रहे हैं कि क्या इन होटलों में कोई व्यावसायिक गतिविधि चल रही है या नहीं?
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि दिल्ली की घटना काफी दुखद है। समय-समय में ऐसे हादसों से बचने के लिए निर्देश दिए जाते हैं। आज हम जिलाधिकारी सहित संबंधित लोगों को निर्देश देंगे।
शाहदरा दक्षिण जोन के चेयरमैन (नगर पार्षद) रामकिशोर शर्मा ने कहा कि मैं उस अग्निकांड में अपनी जान गंवाने वाले 21 लोगों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि शाहदरा दक्षिण जोन में, सभी होटलों, ओयो प्रॉपर्टीज और गेस्ट हाउसों को लाइसेंस जारी करने से पहले उनकी अच्छी तरह से जांच की जानी चाहिए।
इलाज के लिए नेपाल से दिल्ली आए एक नेपाली नागरिक ने कहा, “मैं इलाज के लिए नेपाल से मैक्स हॉस्पिटल आया था। मैं ‘ग्रीन रिजॉर्ट’ में रुका हुआ था, जो उस होटल के पास है जिसमें आग लगी थी। आज, सरकारी नीति के कारण, इस लाइन के सभी होटल बंद कर दिए गए हैं। इसलिए, मैं उस होटल से निकलकर कोई दूसरा होटल ढूंढने जा रहा हूं।”
–आईएएनएस
एसडी/पीएम