वैश्विक मंच पर योग को प्रचारित करने का श्रेय पीएम मोदी को जाता है : केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा

नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने योग दिवस को विश्व मंच पर प्रचारित करने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया है।
उन्होंने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रधनमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के प्रमाणस्वरूप आज समस्त विश्व में योग को एक नई पहचान मिली है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने नेतृत्व में ऋषि मुनियों की इस परंपरा को आगे बढ़ाने का काम किया गया। आज पूरे विश्व में योग को लोग अपना रहे हैं। बाबा रामदेव सहित कई गणमान्य लोगों ने योग को पूरे विश्व में प्रचारित करने की दिशा में कदम बढ़ाने का काम किया।
केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा के मुताबिक, मुझे खुद 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है, जिसमें शामिल होने के लिए मैं काफी उत्साहित हूं। हम सभी लोगों काफी गर्वान्वित महसूस करना चाहिए कि आज हमारी संस्कृति को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान मिली है।
इसके अलावा, उन्होंने ‘किसान सम्मान निधि’ योजना को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने नेतृत्व में किसानों को सशक्त करने के लिए किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत की थी। इस योजना के तहत किसान भाइयों को दो हजार रुपये दिए जाते हैं। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में किसानों को 200 रुपये भी देने का काम नहीं किया। लेकिन, आज हमारी सरकार किसानों के हित के बारे मे सिर्फ सोचती ही नहीं, बल्कि उसे धरातल पर भी उतारने का काम करती है। जिस तरह से सांसद और विधायक निधि होती है, ठीक उसी तरह से केंद्र सरकार ने किसानों के लिए किसान सम्मान निधि योजना की शुरूआत की है। इस योजना से करोड़ों किसानों को फायदा पहुंचा है। अब तक देशभर के किसानों को फायदा पहुंचाने में साढे चार लाख करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं। प्रधानमंत्री का किसानों के प्रति सोच काफी शानदार है। वो लगातार किसानों को बढ़ाने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने यूरिया और खाद की कीमतों को भी बढ़ाने का भी काम किया। सरकार की ओर से किसानों के लिए एमएसपी के दाम भी बढ़ाए जाते हैं। किसानों को सशक्त करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से विभिन्न प्रकार की योजनाएं शुरू की जाती है। यही कारण है कि अगर 25 करोड़ लोग गरीबी के दलदल से ऊपर आए हैं, तो उसमें बहुत बड़ी संख्या किसानों की है।
इसके अलावा, उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से राम मंदिर के चंदे में हुए घपले को लेकर सवाल उठाने पर भी प्रतिक्रिया दी। उनके मुताबिक, अखिलेश यादव की ओर से राम मंदिर पर सवाल उठाना गलत है। अखिलेश यादव को राम मंदिर बोलना किसी भी सूरत में शोभा नहीं देता है। सबको पता है कि उनके शासनकाल में कैसे कारसेवकों पर गोली चलाई गई थी। देश प्रदेश की जनता इन्हें जरूर जवाब देगी। एसआईटी पूरे मामले की जांच कर रही है। सबकुछ दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। साथ ही साथ ही राम के प्रति जो आस्था है, वो कम होने वाली नहीं है। निश्चित तौर पर आज अयोध्या में चौतरफा विकास हो रहा है। दुनियाभर से पर्यटक आ रहे हैं। हमें उनका सम्मान करना चाहिए।
साथ ही, उन्होंने नीट परीक्षा को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कल की परीक्षा में मुझे पूरा विश्वास है कि किसी को कोई भी असुविधा नहीं होगी।
–आईएएनएस
एसएचके