तीसरे वनडे में भारत के खिलाफ अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी, प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव


चेन्नई, 20 जून (आईएएनएस)। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीसरा वनडे मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।

अफगानिस्तान ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में चार बदलाव किए हैं। टॉस जीतने के बाद कप्तान शाहिदी ने कहा, “हम पहले बैटिंग करना चाहते हैं। इस महीने में भारत में हमेशा गर्मी रहती है। विकेट भी अच्छा लग रहा है। यह सूखा और ठोस है। उम्मीद है कि बल्लेबाजी में हमारी शुरुआत अच्छी होगी। पिछले दो मैच में हम कुछ एरिया में चूक गए और पहले जैसा नहीं खेले। उम्मीद है कि आज हम रिकवर करेंगे और अच्छी पार्टनरशिप करेंगे और सही एरिया में गेंदबाजी करेंगे। हमने प्लेइंग इलेवन में 4 बदलाव किए हैं। नबी वापस आ गया है, अजमत खेल रहे हैं।”

भारतीय टीम में नीतीश कुमार रेड्डी की वापसी हुई है। टॉस हारने के बाद कप्तान गिल ने कहा, “बहुत अच्छा विकेट लग रहा है। हम भी पहले बैटिंग ही करते। पिछले मैच में काफी गर्मी थी और यहां भी कुछ अलग नहीं होने वाला है। यह उन एरिया में निरंतर रहने के बारे में है जिन पर हम ध्यान दे रहे हैं। रनों का पीछा करना एक ऐसी चीज है, जो हमने इस सीरीज में नहीं किया है। प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव हैं। प्रसिद्ध, हर्ष और नीतीश रेड्डी वापस आ गए हैं।”

भारतीय टीम सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त पहले ही हासिल कर चुकी है। दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को 170 रनों से हराया था। बल्लेबाजी में शुभमन गिल और ईशान किशन बेहतरीन फॉर्म से गुजर रहे हैं। दोनों ही बल्लेबाजों ने दूसरे वनडे में शतकीय पारी खेली थी। वहीं, गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार ने अपनी गेंदबाजी से खासा प्रभावित किया है। गुरनूर 2 मुकाबलों में 6 विकेट निकाल चुके हैं।

दूसरी ओर, अफगानिस्तान के लिए इस सीरीज में अब तक कुछ भी सही नहीं रहा है। गुरबाज और रहमत शाह को छोड़कर टीम के अन्य बल्लेबाज छाप छोड़ने में नाकाम रहे हैं। गुरबाज ने पहले वनडे में शतकीय पारी खेली थी, जबकि रहमत ने दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में 79 रन बनाए थे। वहीं, टीम के गेंदबाज भी इस सीरीज में पूरी तरह से बेअसर दिखाई दिए हैं।

भारत की प्लेइंग इलेवन: यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), श्रेयस अय्यर, ईशान किशन (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, गुरनूर बरार, प्रसिद्ध कृष्णा और प्रिंस यादव।

अफगानिस्तान की प्लेइंग इलेवन: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जदरान, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), दरविश रसूली, मोहम्मद नबी, अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद खान, एएम गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी और फरीद अहमद मलिक।

–आईएएनएस

एसएम/पीएम


Show More
Back to top button