संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी को पेशेवर तरीक से हैंडल नहीं किया गया: मोहम्मद कैफ


नई दिल्ली, 12 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज और अपने बेहतरीन क्षेत्ररक्षण के लिए लोकप्रिय रहे मोहम्मद कैफ ने इंग्लैंड से टी20 सीरीज में भारत की हार के बाद टीम इंडिया प्रबंधन की आलोचना की है। कैफ ने कहा कि भारतीय टीम मैनेजमेंट को उन्होंने इससे पहले इतने उलझन में कभी नहीं देखा।

मोहम्मद कैफ ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, “भारतीय क्रिकेट टीम प्रबंधन को इतने भ्रम और उलझन में कभी नहीं देखा। वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन को हैंडल करने का तरीका पेशेवर नहीं रहा है। एक जेनरेशन की प्रतिभा है, दूसरा विश्व कप विजेता। उन्हें आत्मविश्वास देने की जरूरत है।”

टी20 विश्व कप 2026 का विजेता बनने के बाद भारतीय टीम आयरलैंड के खिलाफ 2 और इंग्लैंड के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज के लिए गई थी। टीम इंडिया को दोनों ही देशों में एक भी जीत नसीब नहीं हुई। दोनों सीरीज में करारी हार का सामना करना पड़ा। दोनों सीरीज में प्लेइंग इलेवन में लगातार बदलाव हुए, जिसकी वजह से कोच और कप्तान को आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।

संजू सैमसन आयरलैंड के खिलाफ 2 और इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में रन नहीं बना सके। इसके बाद सैमसन को ड्रॉप कर दिया गया और इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में उनकी जगह वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया गया। वैभव भी लगातार 3 पारियों में फ्लॉप रहे, जिसके बाद पांचवें टी20 में सैमसन की वापसी कराई गई।

शीर्ष क्रम में लगातार बदलाव से टीम और खिलाड़ियों के प्रदर्शन में निरंतरता का स्पष्ट अभाव दिखा है। इसका असर परिणाम पर भी दिखा है। टी20 सीरीज में इंग्लैंड ने भारत को 4-0 से हराकर टी20 रैंकिंग में पहला स्थान हासिल कर लिया है। भारत का अगला दौरा जिम्बाब्वे का है, जहां 3 टी20 मैच खेले जाने हैं। इस दौरे से पहले भारतीय टीम मैनेजमेंट को निश्चित रूप से प्लेइंग इलेवन और रणनीति पर मंथन करना होगा।

–आईएएनएस

पीएके


Show More
Back to top button