'परिणाम मिले-जुले रहे', कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने बढ़ाया कार्यकर्ताओं का मनोबल, दी बधाई


नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। केरल और तमिलनाडु समेत देश के पांचों राज्य में मिले जनादेश के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई है।

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि इन चुनावों के दौरान अथक और समर्पित प्रयासों के लिए मैं अपने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं। परिणाम मिले-जुले रहे हैं। हालांकि, हमें यह याद रखना चाहिए कि हमारी लड़ाई वैचारिक है। ऐसे मार्ग पर धैर्य, दृढ़ता और अटूट संकल्प की आवश्यकता होती है।

उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी ने हमेशा सत्य, न्याय और समावेशिता का मार्ग चुना है। यद्यपि यह यात्रा चुनौतीपूर्ण हो सकती है, हम जनता की सेवा करने और अपने लोकतंत्र के मूल मूल्यों की रक्षा करने के प्रति दृढ़ संकल्पित हैं। आइए, नए दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ें और एकता और उद्देश्य के साथ अपना संघर्ष जारी रखें।

वहीं, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने एक पोस्ट में कहा कि केरल में मेरे भाइयों और बहनों को इस निर्णायक जनादेश के लिए धन्यवाद। कठिन संघर्ष और सुव्यवस्थित अभियान के लिए यूडीएफ के हर नेता और कार्यकर्ता को बधाई। जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, केरल में प्रतिभा है, क्षमता है और अब केरल में यूडीएफ की ऐसी सरकार है जो इन दोनों का सदुपयोग करने की दृष्टि रखती है। मुझे जल्द ही अपने केरल परिवार से मिलने की आशा है।

उन्होंने कहा कि असम और बंगाल में भाजपा द्वारा चुनाव आयोग के समर्थन से चुनाव धांधली के स्पष्ट उदाहरण हैं। हम ममता जी से सहमत हैं। बंगाल में 100 से अधिक सीटें धांधली से जीती गईं। हमने पहले भी इस तरह की रणनीतियां देखी हैं—मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और लोकसभा 2024 आदि। चुनाव चोरी, संस्था चोरी—अब और चारा ही क्या है!

राहुल गांधी ने आगे कहा कि मैंने थिरु विजय से बात की और उन्हें टीवीके के शानदार नतीजों पर बधाई दी। यह जनादेश युवाओं की बुलंद आवाज को दर्शाता है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और न ही किया जाएगा। तमिलनाडु और पुडुचेरी के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनके परिश्रम और सहयोग के लिए हार्दिक धन्यवाद। मैं दोहराता हूं कि कांग्रेस पार्टी तमिलनाडु और पुडुचेरी के लोगों की रक्षा और सेवा करना जारी रखेगी।

–आईएएनएस

एमएस/


Show More
Back to top button