पीएम मोदी ने पहलगाम हमले में जान गंवाने वाले मासूमों को किया याद, कहा-भारत कभी नहीं झुकेगा


नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। पहलगाम आतंकी हमले को एक साल पूरा हो गया है और इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने उस दर्दनाक घटना में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद किया। उन्होंने कहा कि उनकी संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं, जो आज भी इस अपार दुख को झेल रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि भारत आतंकवाद के आगे कभी नहीं झुकेगा और न ही कभी आतंकवादियों के नापाक मंसूबे कामयाब होंगे।

पीएम मोदी ने बुधवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “पिछले साल आज ही के दिन, पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को हम याद कर रहे हैं। उन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा। मेरी संवेदनाएं उन शोक-संतप्त परिवारों के साथ हैं, जो इस अपार क्षति का सामना कर रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “एक राष्ट्र के रूप में, हम दुख और संकल्प की इस घड़ी में एकजुट होकर खड़े हैं। भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा। आतंकवादियों के नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।”

गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 का दिन पहलगाम के बैसरन घाटी में घूमने आए सैलानियों पर आतंकवादियों ने अचानक अंधाधुंध गोलीबारी कर दी थी। इस हमले में 26 बेगुनाह लोगों की जान चली गई थी। आतंकियों ने लोगों से उनका नाम और धर्म पूछकर, महिलाओं और बच्चों के सामने ही उन्हें गोली मार दी। इस घटना ने पूरे देश को गुस्से और दुख से भर दिया था।

हमले के बाद भारत ने कड़ा रुख अपनाया और ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया। इस ऑपरेशन के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान में छिपे आतंकियों के नौ ठिकानों को निशाना बनाकर तबाह कर दिया। इसमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए। इसके बाद भी सेना का अभियान जारी रहा।

सबसे बड़ी सफलता 28 जुलाई 2025 को मिली जब ऑपरेशन महादेव के तहत सेना ने उन आतंकियों को ढूंढकर मार गिराया, जो इस हमले के जिम्मेदार थे।

–आईएएनएस

पीआईएम/पीएम


Show More
Back to top button