'पश्चिम बंगाल को नहीं होने देंगे गजवा-ए-बंगाल', अनुराग ठाकुर का सीएम ममता बनर्जी पर निशाना


हुगली, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के हुगली में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने राज्य की मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हम ‘गजवा-ए-बंगाल’ नहीं होने देंगे। बाहर से आए लोग स्थानीय लोगों का अनाज भी खा गए हैं।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि बंगाल के नक्सलबाड़ी से नक्सलवाद शुरू हुआ। देश के 126 जिलों में नक्सलवाद फैला। दस प्रतिशत आबादी को दबाकर रखा गया। देश में मोदी की सरकार आने के बाद नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई हुई और देश को नक्सलवाद मुक्त बनाया गया। अगर हम देश को नक्सलवाद से मुक्त कर सकते हैं तो पश्चिम बंगाल को बांग्लादेशी घुसपैठियों से भी मुक्त कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी 15 साल से मुख्यमंत्री हैं, लेकिन 5 उपलब्धियां भी नहीं गिना पा रही हैं। सुबह से शाम तक बस एसआईआर-एसआईआर कर रही थीं और अब हर बात पर मछली की बात कर रही हैं। जहां-जहां भाजपा की सरकार है, वहां खाने-पीने और पहनावे को लेकर कोई रोकटोक नहीं है। सभी आजादी से रहते हैं। पश्चिम बंगाल में भी अगर हमारी सरकार बनेगी तो सभी को उसी तरह आजादी होगी।

‘चार मई, ममता गई’ के नारे लगवाते हुए अनुराग ठाकुर ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अगर ममता बनर्जी नहीं गईं तो रोहिंग्या मुसलमान भी आएंगे, घुसपैठिए भी आएंगे, आपके मिड डे मील का पैसा भी खाएंगे, कट मनी से पैसा भी खाएंगे और आपके अधिकार व नौकरी भी छीन लेंगे। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में हम गजवा-ए-बंगाल नहीं बनने देंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 15 सालों में बंगाल के युवाओं को राज्य से बाहर जाने के लिए टीएमसी और ममता बनर्जी ने मजबूर किया है, मगर अब भागने की बारी उनकी है।

पश्चिम बंगाल पर हमला करते हुए उन्होंने आगे कहा कि युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही है। ऐसे में बड़ी संख्या में युवा मुंबई और दिल्ली जाकर काम करने को मजबूर हैं। अगर हमारी सरकार बनती है तो एक करोड़ युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार दिया जाएगा। इसके साथ ही बेरोजगारों और युवाओं को तीन हजार रुपए दिए जाएंगे।

–आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी


Show More
Back to top button