पवन कल्याण ने टीडीपी के कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर नारा लोकेश को दी बधाई

अमरावती, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर नारा लोकेश को बधाई दी है।
जन सेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण ने गुरुवार को जारी अपने बयान में कहा कि वह लोकेश को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि लोकेश अपनी नई भूमिका में सफल होंगे और गठबंधन की भावना को आगे भी मजबूती से बनाए रखेंगे। वह पहले टीडीपी के राष्ट्रीय महासचिव के रूप में कार्य कर चुके हैं।
पवन कल्याण ने इसके साथ ही पल्ला श्रीनिवास राव को भी टीडीपी का प्रदेश अध्यक्ष फिर से नियुक्त किए जाने पर बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
इधर, नारा लोकेश ने भी पवन कल्याण द्वारा दी गई शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “आपके आशीर्वाद और आपकी अपेक्षाओं के अनुरूप, गठबंधन की भावना और अधिक सौहार्दपूर्ण तरीके से समन्वय के साथ आगे बढ़ेगी, जिसका उद्देश्य राज्य का विकास और जनकल्याण है। आपने मुझ पर जो विश्वास जताया है, मैं उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा। भाई के रूप में जो स्नेह आपने दिखाया है, उसके लिए हृदय से आभार।”
गौरतलब है कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के पुत्र नारा लोकेश को बुधवार को टीडीपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया। पार्टी के इतिहास में यह पहला अवसर है जब इस पद का सृजन किया गया है और किसी नेता को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नारा लोकेश वर्तमान में चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री हैं और उनके पास मानव संसाधन विकास, सूचना प्रौद्योगिकी और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी है। वह पहले से ही चंद्रबाबू नायडू के राजनीतिक उत्तराधिकारी के रूप में देखे जाते रहे हैं और कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में उनकी नियुक्ति ने इस धारणा को और मजबूत कर दिया है।
43 वर्षीय लोकेश को यह नई जिम्मेदारी ऐसे समय में मिली है जब टीडीपी के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) करीब दो साल पहले भारी बहुमत के साथ सत्ता में आया था। उनकी यह पदोन्नति पार्टी के भीतर उनके बढ़ते कद और नेतृत्व क्षमता को भी दर्शाती है।
अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए लोकेश ने इसे अपने लिए एक बड़ा सम्मान बताया। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “मैं पार्टी कार्यकर्ताओं का आभारी हूं, जिनके अटूट विश्वास ने मेरी राजनीतिक यात्रा को आकार दिया है। साथ ही मैं अपने नेता एन. चंद्रबाबू नायडू गरु का भी आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने हमेशा मार्गदर्शन और भरोसा बनाए रखा।”
उन्होंने आगे कहा, “एक कार्यकर्ता से इस जिम्मेदारी तक पहुंचने का हर कदम आपके समर्थन, संघर्ष और त्याग से संभव हुआ है। मैं अपने जीवन को पार्टी के आदर्शों और आंध्र प्रदेश के लोगों की सेवा के लिए समर्पित करता हूं। मैं पूरी ईमानदारी, प्रतिबद्धता और उद्देश्य के साथ हमारे आंदोलन को मजबूत करने और राज्य की सेवा करने के लिए लगातार काम करता रहूंगा। यह केवल एक पद नहीं, बल्कि आजीवन जिम्मेदारी है।”
–आईएएनएस
डीएससी