प्रियांश आर्य के विकेट के लिए पैट कमिंस की खास रणनीति काम आई: जेम्स फ्रैंकलिन


हैदराबाद, 7 मई (आईएएनएस)। सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने बुधवार की शाम राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स को 33 रन से हराकर अंकतालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया। एसआरएच के सहायक कोच जेम्स फ्रैंकलिन इस जीत का श्रेय कप्तान पैट कमिंस की तकनीकी समझ और गेंदबाजी के लिए उनके द्वारा बनाई रणनीति को दिया।

पंजाब किंग्स के सबसे खतरनाक बल्लेबाज प्रियांश आर्य को कमिंस ने पहले ओवर में ही आउट कर दिया। इसे फ्रैंकलिन ने कमिंस की सोची समझी रणनीति बताया।

फ्रैंकलिन ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “मुझे लगता है कि योजना पहले से बनी थी। हमारे गेंदबाज गेंदबाजी कोच वरुण आरोन के साथ मैच से पहले बहुत काम करते हैं। मुझे लगता है कि कभी-कभी आपको जरूरी नहीं कि वैसी ही गेंद फेंकनी पड़े जैसी शायद फील्ड उम्मीद कर रही हो। हमने पहले भी गेंद देखी थी। उसने उसी तरह की लाइन पर काफी अच्छे बाउंस के साथ गेंदबाजी की और मौका बनाया। हमारे सभी गेंदबाज अच्छी तरह से जानते हैं कि पैट प्रियांश को एक्सपोज करने और मौका बनाने में कामयाब रहा। कमिंस ने प्रियांश के रूप में पहला विकेट दिलाया।”

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि हमने अपने बल्लेबाजों से पहली पारी में मिले फीडबैक से योजना बनाने में आसानी हुई। जैसे-जैसे पारी बढ़ी, उन्हें लगा कि पिच काफी धीमी हो रही है। उन्होंने पाया कि जब पंजाब के गेंदबाज विकेट पर तेज कटर डाल रहे थे, तो हिट करना थोड़ा मुश्किल हो रहा था। यह वह फीडबैक था जो हमारे गेंदबाजी ग्रुप को मिला। हमने गेंदबाजी करते समय इसका बहुत इस्तेमाल किया। जब आप गेम में पहले बैटिंग करते हैं, तो आप अपनी गेंदबाजी की योजना को कैसे लागू करने की कोशिश करते हैं, यह बहुत हद तक इस बात पर निर्भर करता है कि पिच कैसी खेल रही है, इसलिए हमने पहले बैटिंग करने से मिले अनुभव का फायदा उठाया।”

फ्रैंकलिन ने कहा कि मैं बस इतना कहूंगा कि वरुण, पैट कमिंस और हेड कोच डेनियल विटोरी के गेंदबाजी ग्रुप के साथ जो बात करते हैं, वह बहुत विस्तृत होती है, क्योंकि आजकल बल्लेबाजी काफी मजबूत हो गई है। आईपीएल में सभी टीमों की टॉप थ्री, टॉप फोर और खासकर पावर प्ले में बल्लेबाजी काफी खतरनाक है। हमने जो योजना बनाई थी, वो पावरप्ले में काम आई। हमने कुछ शुरुआती मौके बनाए, उनके खतरनाक ओपनर्स को पहले कुछ ओवरों में आउट किया और फिर श्रेयस को जल्दी आउट करने के बाद गेम में हमारी अच्छी पकड़ बन गई थी।

उन्होंने कहा, “श्रेयस का विकेट गिरने के बाद भी हमें पता था कि पंजाब की बल्लेबाजी में गहराई है। कूपर ने अपने पहले आईपीएल शतक में शानदार बल्लेबाजी की। मुझे यकीन है कि उसे इस पर गर्व होगा। लेकिन हमारी गेंदबाजी पूरे 20 ओवर योजना के मुताबिक रही जिसका परिणाम हमें मिला।”

एसआरएच ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 235 रन बनाए थे और पंजाब को 202 पर रोककर मैच 33 रन से जीता। 4 ओवर में 34 रन देकर 2 विकेट लेने वाले एसआरएच के कप्तान पैट कमिंस प्लेयर ऑफ द मैच रहे।

–आईएएनएस

पीएके


Show More
Back to top button