हॉकी इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के लिए अंडर-18 पुरुष और महिला टीम घोषित की

भोपाल, 7 मई (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए 24-सदस्यीय भारतीय अंडर-18 पुरुष और महिला टीम की घोषणा की। सीरीज 15 से 20 मई तक भोपाल के उद्धव दास मेहता (भाई जी) साई सेंट्रल सेंटर में होगी।
चार मैचों की यह सीरीज 29 मई से 6 जून 2026 तक होने वाले पुरुष और महिला अंडर-18 एशिया कप काकामिगाहारा (जापान) 2026 के लिए टीमों की आखिरी तैयारियों का एक अहम हिस्सा है। हर टीम में आखिरी 24 खिलाड़ियों को नेशनल कोचिंग कैंप के दौरान एक सप्ताह की कड़ी जांच के बाद चुना गया, जहां शुरुआती 42 खिलाड़ियों के ग्रुप को मैच फिटनेस और तकनीकी क्षमता के आधार पर चुना गया था।
फॉरवर्ड केतन कुशवाहा को इंडियन अंडर-18 पुरुष टीम का कप्तान बनाया गया है। स्वीटी कुजूर महिला अंडर-18 टीम की कप्तान होंगी।
पुरुष टीम को कोचिंग दे रहे पूर्व हॉकी खिलाड़ी सरदार सिंह ने कहा, “कैंप में एक अच्छे हफ्ते के बाद, हमने उन 24 खिलाड़ियों को पहचाना है जिनके बारे में हमें लगता है कि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए तैयार हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ये मैच अभ्यास मैच नहीं हैं। ये हमारी मानसिकता और तकनीकी क्षमता का टेस्ट हैं। केतन पिच पर एक नेचुरल लीडर हैं। मैं यह देखने के लिए उत्सुक हूं कि जापान में अंडर-18 एशिया कप में जाने से पहले यह ग्रुप ऑस्ट्रेलियन स्टाइल की तेजी और दबाव को कैसे हैंडल करता है।”
महिला टीम की कोच पूर्व भारतीय कप्तान रानी रामपाल ने कहा, “हमने स्क्वॉड में 24 खिलाड़ियों को जगह दी है। ये सभी खिलाड़ी कैंप में बेहतरीन रही थीं। स्वीटी के पास इस युवा टीम को अच्छे से लीड करने के लिए जरूरी अनुभव और विजन है। भोपाल में ऑस्ट्रेलिया जैसी टॉप टीम के खिलाफ चार मैच खेलने से हमें अपनी ताकत और उन क्षेत्र की साफ तस्वीर मिलेगी जिनमें काम करने की जरूरत है। यह सीरीज एशिया कप से पहले लड़कियों के लिए रिहर्सल की तरह है।”
ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए भारत की पुरुष अंडर-18 हॉकी टीम:
गोलकीपर: सावन कुमार, आयुष रजक, विशाल बड़ा
डिफेंडर: अंश बहुता, आशीष तानी पूर्ति, अरमान सोरेंग, दीपक प्रकाश टोप्पो, करण गौतम, करण धनुक
मिडफील्डर: प्रेमचंद सोय, राहुल यादव, वरिंदर सिंह, रोमित पाल, अर्जनदीप सिंह, गुरसिमरनप्रीत सिंह, अर्शदीप सिंह, अवि मानिकपुरी
फॉरवर्ड: आकाश दीप, केतन कुशवाहा (कप्तान), शाहरुख अली, गाजी खान, प्रहलाद राजभर, सिद्धार्थ बेन, जयसन कंडुलना
ऑस्ट्रेलिया सीरीज के लिए भारत की महिला अंडर-18 हॉकी टीम:
गोलकीपर: महक परिहार, हैरी, खिली कुमारी
डिफेंडर: सुगन सांगा, नीलम टोपनो, रुबीना बक्सला, किरण एक्का, दिव्या यादव, सुलोचनी
मिडफील्डर: श्रुति कुमारी, दीया, हर्षिता, रश्मिन कौर, लामिंगनबी अकोईजाम, नैन्सी सरोहा, टोंगब्रम लंचेनबी देवी, स्नेहा दावड़े
फॉरवर्ड: नौशीन नाज, स्वीटी कुजूर (कप्तान), प्रियंका मिंज, संदीपा कुमारी, नम्मी गीताश्री, प्रिंसेस प्रिया एक्का, पुष्पा मांझी
–आईएएनएस
पीएके